FIFA World Cup: मेसी के पास इतिहास रचने का आखिरी मौका, एमबाप्पे से नंबर-1 बनने के लिए फाइनल में चाहिए 2 गोल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अर्जेंटीना-स्पेन फाइनल पर दुनिया की नजरें, विश्व कप के सर्वकालिक टॉप स्कोरर बनने की दौड़ में मेसी और एमबाप्पे आमने-सामने।

डिजिटल डेस्कः फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल सिर्फ अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताबी मुकाबला नहीं होगा, बल्कि यह विश्व कप इतिहास के सर्वकालिक गोल स्कोरर की रेस का भी निर्णायक मंच बनेगा। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी और फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबाप्पे के रिकॉर्ड पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।

1930 से शुरू हुए फीफा विश्व कप के इतिहास में कई महान खिलाड़ियों ने अपने गोलों से अमिट छाप छोड़ी, लेकिन 2026 टूर्नामेंट ने रिकॉर्ड बुक को पूरी तरह बदल दिया। लंबे समय तक 16 गोल के साथ शीर्ष पर रहे जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज को पहले मेसी और फिर एमबाप्पे ने पीछे छोड़ दिया।

एमबाप्पे बने विश्व कप इतिहास के नए नंबर-1 गोल स्कोरर

फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड किलियन एमबाप्पे ने तीसरे स्थान के मुकाबले में दो गोल कर विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या 22 पहुंचा दी। उन्होंने 2018 में 4, 2022 में 8 और 2026 में 10 गोल किए। केवल 22 मैचों में यह उपलब्धि हासिल कर वह विश्व कप इतिहास के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए।

मेसी के पास रिकॉर्ड वापस हासिल करने का सुनहरा अवसर

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी छह विश्व कप खेल चुके हैं और उनके नाम 33 मैचों में 21 गोल दर्ज हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक 8 गोल किए हैं।

अब स्पेन के खिलाफ होने वाले फाइनल में मेसी के पास इतिहास रचने का मौका है। यदि वह दो गोल करने में सफल रहते हैं तो उनके कुल गोल 23 हो जाएंगे और वह एक बार फिर एमबाप्पे को पीछे छोड़कर विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।

क्लोज और रोनाल्डो अब पीछे

जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज अब 16 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने चार विश्व कप में यह रिकॉर्ड बनाया था। वहीं ब्राजील के महान स्ट्राइकर रोनाल्डो नजैरियो 15 गोल के साथ चौथे स्थान पर हैं।

हैरी केन और गर्ड मुलर भी सूची में

इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन और पश्चिम जर्मनी के दिग्गज गर्ड मुलर 14-14 गोल के साथ संयुक्त रूप से अगले स्थान पर हैं। फ्रांस के जस्ट फोंटेन का एक ही विश्व कप (1958) में 13 गोल करने का रिकॉर्ड आज भी कायम है।

फाइनल पर टिकी दुनिया की निगाहें

अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाला विश्व कप फाइनल अब सिर्फ ट्रॉफी का मुकाबला नहीं रहेगा। यह मेसी के करियर के सबसे बड़े व्यक्तिगत रिकॉर्ड का भी फैसला करेगा। यदि मेसी दो या उससे अधिक गोल करते हैं तो वह विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे, जबकि एमबाप्पे फिलहाल 22 गोल के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं।

विश्व कप इतिहास के टॉप गोल स्कोरर (चार्ट)

रैंक खिलाड़ी देश कुल गोल मैच विश्व कप में गोल
🥇 1 किलियन एमबाप्पे फ्रांस 22 22 2018 – 4, 2022 – 8, 2026 – 10
🥈 2 लियोनेल मेसी अर्जेंटीना 21 33 2006 – 1, 2010 – 0, 2014 – 4,
2018 – 1, 2022 – 7, 2026 – 8*
🥉 3 मिरोस्लाव क्लोज जर्मनी 16 24 2002 – 5, 2006 – 5,
2010 – 4, 2014 – 2
4 रोनाल्डो ब्राजील 15 19 1994 – 0, 1998 – 4,
2002 – 8, 2006 – 3
5 हैरी केन इंग्लैंड 14 18 2018 – 6, 2022 – 2,
2026 – 6
5 गर्ड मुलर पश्चिम जर्मनी 14 13 1970 – 10, 1974 – 4
7 जस्ट फोंटेन फ्रांस 13 6 1958 – 13

यह भी पढ़ेंः FIFA World Cup Final 2026: लखनऊ से नोएडा तक फुटबॉल का बुखार, अर्जेंटीना-स्पेन फाइनल के लिए होटल, मल्टीप्लेक्स और स्पोर्ट्स बार फुल बुक

संबंधित समाचार