Kanpur Traffic : जन्माष्टमी पर कानपुर में रूट डायवर्जन, इस्कॉन और जेके मंदिर जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने जारी की डायवर्जन व्यवस्था, कई रास्तों पर वाहनों की नो-एंट्री
जन्माष्टमी पर कानपुर के इस्कॉन और जेके मंदिर में भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने दोपहर दो बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक रूट डायवर्जन लागू किया है। श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
कानपुर, अमृत विचार। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को शहर के दो प्रमुख मंदिरों में सिंहपुर स्थित इस्कॉन मंदिर और नजीराबाद स्थित जेके मंदिर-में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटेगी। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने दोनों क्षेत्रों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। चार सितंबर को दोपहर दो बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक मंदिरों की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का प्रयोग करने और वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने की अपील की है।
1.इस्कॉन मंदिर जाने वालों के लिए बदला रूट
सिंहपुर से मैनावती मार्ग की ओर जाने वाले वाहन कल्याणपुर और यस कोठारी होकर गंतव्य तक जा सकेंगे। कल्याणपुर और बिठूर की ओर से आने वाले श्रद्धालु सिंहपुर तिराहा, यस कोठारी चौराहा होते हुए गंगा बैराज मार्ग से मंटोरा ग्रीन सिटी तथा ग्रीन सिटी-हिंदुपुरवा मोड़ के पास वाहन पार्क कर शटल सेवा या पैदल मंदिर पहुंच सकेंगे। गंगा बैराज और नवाबगंज की ओर से आने वालों के लिए भी ग्रीन सिटी के सामने पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं गुरुदेव चौराहा, चिड़ियाघर और मैनावती मोड़ की ओर से आने वाले वाहनों को कर्बला चौराहा, अटल घाट और गंगा बैराज होकर जाना होगा। भारी और मध्यम वाहनों को सिंहपुर और खेऊरा तिराहा से मैनावती मार्ग पर आने की अनुमति नहीं होगी।
यहां खड़े करें वाहन
इस्कॉन मंदिर जाने वाले दोपहिया वाहन मंटोरा ग्रीन सिटी कैंपस, आनंद सैफ्रॉन के सामने, परेरा होटल के पास और इम्पीरियल ग्रीन होटल में खड़े किए जा सकेंगे। चारपहिया वाहनों के लिए इस्कॉन मंदिर परिसर की वीआईपी पार्किंग, गेट नंबर-दो के पास छोटी पार्किंग और गंगा बैराज मार्ग पर एनआरआई सिटी से हिंदुपुरवा मोड़ तक बाईं पट्टी पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
2. जेके मंदिर की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
नजीराबाद स्थित जेके मंदिर में जन्माष्टमी कार्यक्रम को देखते हुए हर्ष नगर और हैलट अस्पताल की ओर से आने वाले वाहन खालीवाल चौराहे से मरियमपुर और जेके मंदिर की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें पालीवाल चौराहे से बाएं मुड़कर काकादेव थाना चौराहा होते हुए आगे जाना होगा। वहीं फजलगंज चौराहे की ओर से आने वाले वाहनों को मरियमपुर चौराहे से जेके मंदिर और पालीवाल चौराहे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
ऐसे वाहन मरियमपुर से बाएं मुड़कर चैन फैक्ट्री चौराहा, सब्जी मंडी चौराहा और विजय नगर होते हुए गंतव्य तक जा सकेंगे। गोल चौराहा, मोतीझील और जरीब चौकी की ओर से आने वाले वाहनों को कोका-कोला चौराहे से नजीराबाद थाना और जेके मंदिर की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहन जरीब चौकी क्रासिंग से फजलगंज होकर आगे जा सकेंगे। मरियमपुर चौराहे से भी नजीराबाद थाना और जेके मंदिर की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
जेके मंदिर के लिए दो जगह पार्किंग
जेके मंदिर आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन आईटीआई पांडुनगर के खाली मैदान में खड़े कर सकेंगे। इसके अलावा लाजपत नगर गुरुद्वारा चौराहे से जेके मंदिर के पीछे गेट तक सड़क के दोनों किनारों पर भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं यातायात पुलिस ने लोगों से डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने वाहन चालकों से विशेष रूप से एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तत्काल रास्ता देने को कहा है। यातायात संबंधी समस्या होने पर ट्रैफिक कंट्रोल रूम 9305104340 और ग्रीन कॉरिडोर सेल 9454402413 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें:- Greater Noida Fraud : ‘कासा रॉयल’ प्रोजेक्ट में होमबायर्स से धोखाधड़ी, CBI ने बिल्डर के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
