Bahraich News : सिरकुंडा तालाब में नहाने गए दो मासूम गहरे पानी में डूबे, कई घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; गांव में मचा कोहराम
बाबागंज/बहराइच। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के मकनपुर ग्राम पंचायत के मजरा नारायनजोत स्थित सिरकुंडा तालाब में गुरुवार को नहाने गए दो मासूम बच्चे गहरे पानी में डूब गए। मासूम बच्चों की डूबने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रुपईडीहा थाने के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से तालाब में खोजबीन अभियान शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक कई घंटे की मशक्कत के बाद भी दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं लग सका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद श्रावस्ती के थाना मल्हीपुर अंतर्गत सलारपुर निवासी ननके का 14 वर्षीय पुत्र संदीप वर्मा अपने ननिहाल शिव बढ़िया गांव में रामनाथ वर्मा के यहां आया हुआ था। गुरुवार को वह गांव के ही अजय सोनकर के 12 वर्षीय पुत्र दीपेंद्र सोनकर के साथ उत्तर दिशा में स्थित सिरकुंडा तालाब में नहाने गया था। नहाते समय दोनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों को भनक लगते ही चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत पानी में उतरकर उनकी तलाश शुरू की।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय संसाधनों के बल पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। तालाब में पानी अधिक और गहरा होने के कारण तलाश करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस की निगरानी में ग्रामीण लगातार पानी में उतरकर बच्चों की खोजबीन कर रहे हैं।
परिजनों में मचा कोहराम, इलाके में शोक का माहौल
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और पूरे इलाके में शोक व गमगीन माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गहरे जलाशयों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं पर अंकुश लग सके।
यह भी पढ़ें:-श्रावस्ती : सीएचसी में गंदगी देख नाराज हुईं महिला आयोग की सदस्य, डॉक्टर को लगाई फटकार
