Kumaon University: प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट बने कुमाऊं विश्वविद्यालय के नए कुलपति, तीन साल संभालेंगे जिम्मेदारी
कुमाऊं विश्वविद्यालय को नया नियमित कुलपति मिल गया है। राज्यपाल ने प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को कुलपति नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष या अग्रेतर आदेश तक रहेगा।
नैनीताल, अमृत विचार। कुमाऊं विश्वविद्यालय में कुलपति पद को लेकर चल रही स्थिति पर अब विराम लग गया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को कुमाऊं विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। इस संबंध में लोक भवन, देहरादून से तीन सितंबर 2026 को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
नियुक्ति के साथ ही विश्वविद्यालय को नियमित कुलपति मिल गया है।राजभवन की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि अथवा अग्रेतर आदेश, जो भी पहले हो, तक प्रभावी रहेगी। अब उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय की नियमित प्रशासनिक कमान उनके हाथों में होगी।
विश्वविद्यालय के सामने कई अहम चुनौतियां
नए कुलपति के सामने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के साथ कई महत्वपूर्ण चुनौतियां भी रहेंगी। विश्वविद्यालय से संबद्ध परिसरों और महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को गति देना, लंबित प्रशासनिक कार्यों का निस्तारण, विद्यार्थियों से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देना प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हो सकता है।
इसके अलावा विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा एवं परिणाम, शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े प्रकरण तथा परिसरों में आधारभूत सुविधाओं के विकास जैसे विषय भी नए कुलपति के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रों और शिक्षकों की निगाहें अब उनके कार्यभार ग्रहण करने और आगामी कार्ययोजना पर रहेंगी।
तीन साल के लिए संभालेंगे जिम्मेदारी
राज्यपाल के आदेश के मुताबिक प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष निर्धारित किया गया है। हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति अग्रेतर आदेश तक अथवा निर्धारित तीन वर्ष की अवधि में से जो पहले हो, उसी के अनुसार प्रभावी रहेगी। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन में नियमित नेतृत्व की व्यवस्था स्थापित हो जाएगी।
कुलपति पद को लेकर बनी हुई थी स्थिति
कुमाऊं विश्वविद्यालय में पिछले दिनों कुलपति पद को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बदलाव हुआ था। इसके बाद विश्वविद्यालय के नियमित कामकाज और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को लेकर स्थिति बनी हुई थी। अब राज्यपाल की ओर से प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट की नियुक्ति किए जाने के बाद इस स्थिति पर विराम लग गया है।
यह भी पढ़ें:-नैनीताल में निजी स्कूलों पर शिकंजा : 46 विद्यालयों ने अभिभावकों को लौटाए 39 लाख रुपये, जानें पूरा मामला
