Budaun News : कान्हा के जन्मोत्सव को सजने लगे घर-आंगन, मंदिरों में तैयारियां जोरों पर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मठ-मंदिरों में साफ-सफाई से लेकर आकर्षक सजावट का काम तेज

बदायूं में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर भारी उत्साह है। घर-आंगन से लेकर मंदिरों तक सजावट की जा रही है और बाजारों में जमकर खरीदारी हो रही है।

बदायूं, अमृत विचार। लड्डू गोपाल का जन्मदिन (श्रीकृष्ण जन्माष्टमी) शुक्रवार को जनपद भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर घरों में उल्लास का माहौल है। बाजार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उल्लास में रंगा हुआ है। पर्व की पूर्व संध्या पर श्री कृष्ण की मनमोहक पोशाकों से लेकर सजावटी सामान की दुकानों पर लोगों ने खरीदारी की। मनमोहक पोशाक से लेकर अन्य सामग्री की खरीदारी को लेकर लोग बाजार में डटे रहे। देर शाम तक बाजार में खरीदारी हुई।

जन्माष्टमी का त्योहार मनाने के लिए दुकानदारों ने दुकानों पर भगवान श्रीकृष्ण की रंग-बिरंगी पोशाकों का भंडार पहले ही कर लिया है। लोगों ने दुकानों पर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पीतल से लेकर कांसे तक मूर्ति खरीदी। बाजार में 100 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक की भगवान की पोशाक मिल रही हैं। भगवान श्रीकृष्ण की पीतल की मूर्ति 250 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक की मिल रही है। कुछ दुकानों पर कांसे की भी भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति मिल रही है। कांसे की मूर्ति महंगी होने से मांग कम है। इनके अलावा लोगों ने मिट्टी की मूर्तियां भी खरीदीं।

इधर श्रीकृष्ण की मूर्ति के अलावा लोगों के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय खाद्य वस्तुएं अर्पित करने के लिए सूखे मेवा की खरीदारी की। हालांकि सूखे मेवा पर महंगाई अधिक होने के बाद भी लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी की। सूखे मेवा के महंगे होने से महिलाएं परेशान दिखीं। उनका कहना है कि महंगाई के चलते अब पूजा पाठ करना भी मुश्किल हो गया है। वहीं दुकानदारों का कहना है कि बारिश के कारण और सावन माह में यातायात प्रभावित रहने की वजह से सूखे मेवा में महंगाई बढ़ी है। जिसकी वजह से काजू, बादाम, गोला, मखाने आदि के दाम बढ़े हैं। इधर श्रीकृष्ण के जन्म पर शहर के मंदिरों में सजावट का दौर जारी है। मंदिरों में साफ-सफाई के बाद उन्हें बिजली की आकर्षक झालरों और फूलों से सजाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : टॉयलेट जाने के बहाने बुर्का पहनकर फरार हुई महिला बंदी, चकमा खा गई पुलिस; 2 महिला सिपाही सस्पेंड

संबंधित समाचार