Bareilly News : टॉयलेट जाने के बहाने बुर्का पहनकर फरार हुई महिला बंदी, चकमा खा गई पुलिस; 2 महिला सिपाही सस्पेंड

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पॉक्सो एक्ट की बंदी ने पुलिस को दिया चकमा, बुर्का पहनकर हुई फरार, 2 महिला सिपाही निलंबित

बरेली के जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक महिला बंदी बुर्का पहनकर फरार हो गई। लापरवाही पर एसएसपी ने 2 महिला सिपाहियों को सस्पेंड किया है।

बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक महिला बंदी ने बुधवार शाम पुलिस को चकमा देकर फिल्मी अंदाज में फरार हो गई। शाम करीब सात बजे वह टॉयलेट जाने के बहाने अपने बिस्तर से उठी और बुर्का पहनकर अस्पताल से निकल गई। महिला बंदी के इस तरह आसानी से फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात दो महिला सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पॉक्सो एक्ट में बंद थी ममता
जानकारी के अनुसार, फरीदपुर थाना क्षेत्र के तुलाशेरपुर की रहने वाली ममता अपने बेटे के साथ दिसंबर माह से पॉक्सो एक्ट के एक मामले में जेल में बंद थी। पिछले दिनों उसकी तबीयत खराब होने पर उसे जेल प्रशासन द्वारा उपचार के लिए बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

बुर्का कहां से आया? 'मिस्ट्री गर्ल' की भूमिका संदिग्ध
ममता के फरार होने के बाद पुलिस ने अस्पताल और आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस पूरी घटना में एक बड़ी साजिश की बू आ रही है:

सीसीटीवी में नहीं आई नजर: हैरानी की बात यह है कि अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर ममता कहीं भी बाहर जाती हुई दिखाई नहीं दी है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर वह किस खुफिया रास्ते से अस्पताल से बाहर निकली।

बुर्के का रहस्य: अस्पताल के अंदर ममता के पास बुर्का कहां से आया, यह पुलिस की जांच का सबसे अहम बिंदु बन गया है।

संदिग्ध लड़की: सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह से एक लड़की महिला बंदी ममता के पास मौजूद थी। उसने लोअर-शर्ट पहना हुआ था और वह लगातार ममता से बात कर रही थी। आशंका है कि इसी लड़की ने भागने में उसकी मदद की हो।

लापरवाही पर SSP का कड़ा एक्शन
महिला बंदी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे की भारी फजीहत हुई है। एसएसपी ने इस मामले में कड़ा एक्शन लेते हुए ड्यूटी पर लापरवाही बरतने वाली सिपाही नूतन सिसोदिया और रिंकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। Zइंस्पेक्टर कोतवाली राजीव कुमार ने बताया कि महिला की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस अब ममता के बेटे समेत उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और अस्पताल में उससे मिलने वालों की जानकारी जुटा रही है। तबीयत बिगड़ने के बहाने अस्पताल में भर्ती होने से लेकर बुर्का पहनकर फरार होने तक की पूरी कहानी को एक सोची-समझी साजिश मानकर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : करोड़ों की सरकारी जमीन पर चला निगम का बुलडोजर, अवैध मकान और इमामबाड़ा ध्वस्त

संबंधित समाचार