World Championship 2026: वर्ल्ड जूडो चैंपियनशिप के लिए लखनऊ में जुटे देशभर के पैरा खिलाड़ी, शुरू हुआ खास प्रशिक्षण शिविर
तिब्लिसी में 19 से 28 सितंबर तक होगी आईबीएसए जूडो वर्ल्ड चैंपियनशिप, छह राज्यों के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की कर रहे तैयारी
लखनऊ, अमृत विचार: आगामी आईबीएसए जूडो वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए लखनऊ में देशभर के पैरा जूडो खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। हजरतगंज स्थित इंडियन पैरा जूडो एकेडमी में चल रहे इस कैंप में विभिन्न राज्यों के शीर्ष खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं।
हलवासिया कोर्ट स्थित एकेडमी में आयोजित यह शिविर 19 से 28 सितंबर तक जॉर्जिया के तिब्लिसी में होने वाली आईबीएसए जूडो वर्ल्ड चैंपियनशिप को ध्यान में रखकर लगाया गया है। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, मिजोरम और महाराष्ट्र के प्रमुख पैरा जूडो खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
महिला वर्ग में छह खिलाड़ी शामिल
शिविर में महिला वर्ग से अदीबा चौधरी (जम्मू-कश्मीर), रेणुका नारायण सालवे (महाराष्ट्र), कोहिला (हरियाणा), गुलशन (उत्तर प्रदेश), वृषाली अशोक मोरे (महाराष्ट्र) और डिंपल (हरियाणा) प्रशिक्षण ले रही हैं।
वहीं पुरुष वर्ग में कपिल परमार (मध्य प्रदेश), डेविड लालरेमरुआता (मिजोरम), देवेंद्र यादव (मध्य प्रदेश), बिजेंद्र (हरियाणा) और धर्म वीर वर्मा (उत्तर प्रदेश) मुकाबलों की तैयारी में जुटे हैं।
अंतरराष्ट्रीय तकनीक और मुकाबले की बारीकियों पर जोर
खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक, रणनीति और मुकाबले की बारीकियों से रूबरू कराने के लिए प्रशिक्षण चीफ कोच मुनव्वर अंजार और असिस्टेंट कोच अकरम शाह की देखरेख में दिया जा रहा है।
इंडियन ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए पूरी तरह तैयार करना है। प्रशिक्षण के जरिए खिलाड़ियों की तकनीक और मुकाबले की तैयारी को बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के लिए पदक जीत सकें।
