Hardoi News : नवंबर में होनी थी शादी, गोदभराई के बाद मंगेतर ने उठाया खौफनाक कदम, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
On

500 रुपये में मोबाइल गिरवी रखने पर मां ने डांटा था, घरवालों के मुताबिक इसी बात से आहत था युवक

हरदोई में नवंबर में शादी के लिए तैयारियां कर रहे 27 वर्षीय युवक ने गांव के बाहर बाग में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 12 अगस्त को उसकी गोदभराई हुई थी। परिजनों के मुताबिक मोबाइल 500 रुपये में गिरवी रखने पर मां की डांट से वह नाराज था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हरदोई, अमृत विचार। नवंबर में शादी होने वाली थी और 12 अगस्त को गोदभराई की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन बुधवार को एक दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। अरवल थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय युवक ने गांव के बाहर बाग में अपनी शर्ट से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पलिया पुरवा मजरा उमरौली निवासी अरुण पुत्र सियाराम बुधवार शाम गांव के पश्चिम स्थित सर्वेश के बाग में पहुंचा था। कुछ देर बाद उसका शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नवंबर में होनी थी शादी, 12 अगस्त को हुई थी गोदभराई

अरुण की शादी कोतवाली देहात क्षेत्र के बडौरी मजरा नीर निवासी चुन्नीलाल की बेटी से तय हुई थी। 12 अगस्त को उसकी गोदभराई की रस्म पूरी हो चुकी थी और नवंबर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में अचानक उसकी मौत से दोनों परिवारों में मातम पसर गया।

500 रुपये में मोबाइल गिरवी रखने पर मां ने डांटा था

कन्नौज के मकरंद नगर निवासी अरुण के चाचा राजेंद्र ने बताया कि बड़े भाई सियाराम की मौत के बाद वह अपने भतीजों की परवरिश कर रहे थे। चार भतीजों में बड़े राहुल की पहले ही मौत हो चुकी है। अरुण तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।

परिजनों के मुताबिक, अरुण ने अपना मोबाइल 500 रुपये में गिरवी रख दिया था। इसकी जानकारी होने पर उसकी मां रामकली ने उसे डांट दिया था। घरवालों का कहना है कि इसी बात से वह नाराज और आहत था। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह क्या रही, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद अरवल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें- पीलीभीत में रिश्ते का कत्ल! चंद रुपयों की खातिर बेटे ने मां को मार डाला 

संबंधित समाचार