Gonda News: घर से कुछ दूरी पर कार में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
गोंडा, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के तेंदुवा चौखड़िया ग्राम पंचायत के शिव सहाय पुरवा निवासी 30 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे खड़ी कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर कार का दरवाजा खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी योगेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे।
बताया जाता है कि धनीराम वर्मा पुत्र राम उग्गर वर्मा गुरुवार रात करीब आठ बजे घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार दोपहर घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे खड़ी एक कार में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। यह कार गांव निवासी पवन कुमार वर्मा की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कार का दरवाजा खुलवाकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। धनीराम अविवाहित था और तीन बहनों व दो भाइयों में सबसे छोटा था।
युवक की मौत को लेकर परिजन और ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
