Moradabad News : तिरंगा यात्रा निकालकर कर्मचारियों ने भरी पुरानी पेंशन बहाली की हुंकार
अटेवा के बैनर तले जिला अस्पताल परिसर से निकाली गई तिरंगा यात्रा, कलक्ट्रेट तक पहुंची
मुरादाबाद में पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण के विरोध और टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने की मांग को लेकर अटेवा ने तिरंगा यात्रा निकाली।
मुरादाबाद, अमृत विचार। ऑल टीचर्स एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) की जिला इकाई की ओर से पुरानी पेंशन व्यवस्था (ओपीएस) की बहाली, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने और सरकारी संस्थानों के निजीकरण के विरोध में जिला चिकित्सालय से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलक्ट्रेट में पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम को सौंपा।
अटेवा के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2004 के बाद पुरानी पेंशन योजना समाप्त कर नई पेंशन व्यवस्था (एनपीएस) लागू की गई। इससे देश और प्रदेश के लगभग एक करोड़ शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी प्रभावित हैं। इसके साथ ही, वर्षों से सेवारत शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता लागू करने से लगभग 25 लाख से अधिक शिक्षक असंतोष और असुरक्षा के भाव में हैं।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बडोला ने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारी रात-दिन जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उनके पास सुरक्षा का कोई पुख्ता जरिया नहीं है। एनपीएस कर्मचारी हित में नहीं है। पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण के विरोध की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है। जिलाध्यक्ष सैयद अफजाल अली ने कहा कि नई पेंशन योजना शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों के सामाजिक व आर्थिक भविष्य के साथ खिलवाड़ है। एनपीएस न केवल कर्मचारियों के लिए नुकसानदेह है बल्कि यह सरकार के लिए भी घातक सिद्ध हो रही है।
जिला महामंत्री हेमंत चौधरी ने कहा कि 20-25 वर्षों से सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता अव्यवहारिक और अन्यायपूर्ण है। इससे देश भर के 25 लाख से अधिक शिक्षकों का भविष्य अधर में लटक गया है। हमारी मांग है कि सरकार पुरानी पेंशन बहाल करे, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करे और निजीकरण पर रोक लगाए।
तिरंगा यात्रा में अंकित यादव, रुपेश यादव, मनोज तिवारी, चेतन, मंजूर अहमद, नसीर हुसैन, अज़हद हुसैन, अब्दुल अलीम, मुन्नावेर हुसैन, विकास, अशोक शर्मा, संजय सत्संगी, पूनम मैसी, प्रतिमा शर्मा, कामिनी, पाकेश गुप्ता, निश्चल भटनागर, हरीश चौहान, त्रिवेंदर चौहान, दीपक चौहान, पंकज पाण्डेय, पीपी चौहान, विपिन भट्ट, फुरकान, चन्दर शेखर शर्मा, हरिबाबू, जगत सिंह, सुशील, शेखर, रितेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, शिक्षक आदि शामिल रहे।
ये भी पढ़ें - Moradabad News : मूंढापांडे में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी छापेमारी, 100 किलो मिलावटी मावा पकड़ा, 99 किलो किया नष्ट
