Pratapgarh News: प्रशासनिक उपेक्षा पर भारी पड़ा अपनों का दर्द ! उफनाती नदी के बीच जलमग्न पुल से निकली शव यात्रा, देखें वीडियो
मानधाता के शिवरा गांव में जीवन ही नहीं, अंतिम सफर भी बना आफत
प्रतापगढ़ के मानधाता क्षेत्र में बकुलाही नदी पर बना जर्जर पुल बारिश में जलमग्न हो जाता है। हाल ही में एक युवक की शवयात्रा भी ग्रामीणों को बहते पानी के बीच से निकालनी पड़ी। करीब 8 से 10 हजार ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से नया और ऊंचा पुल बनवाने की मांग की है।
प्रतापगढ़ अमृत विचार : विकास और जनसुविधाओं के तमाम दावों के बीच प्रशासनिक उपेक्षा की एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली तस्वीर प्रतापगढ़ के मानधाता विकास खंड से सामने आई है। ग्राम पंचायत हैंसी परजी और शिवरा गांव की सीमा पर बकुलाही नदी पर बना दशकों पुराना पुल आज क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट का पर्याय बन चुका है। मुख्य सड़क से लगभग 15 फीट नीचे स्थित यह जर्जर ढांचा हल्की सी बारिश में भी पूरी तरह जलमग्न हो जाता है।
हाल ही में शिवरा गांव के निवासी युवा अमित कुमार मौर्य के असमय निधन के बाद जो दृश्य देखने को मिला, उसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन और ग्रामीण शव यात्रा लेकर निकले, लेकिन नदी उफान पर थी और पुल जलमग्न। परिजनों ने घंटों पानी घटने का इंतजार किया, लेकिन जब जलस्तर लगातार बढ़ता ही गया, तो ग्रामीणों को मजबूरी में जान जोखिम में डालकर बहते पानी के बीच से ही शव यात्रा निकालनी पड़ी।
8 से 10 हजार लोगों की जिंदगी बनी मजबूरी
अंतिम सफर की इस त्रासदी ने शासन और प्रशासन के दावों की कलई खोलकर रख दी है। यह जर्जर पुल केवल एक रास्ता नहीं, बल्कि क्षेत्र के 8 से 10 हजार लोगों की जीवनरेखा है। इलाज के लिए अस्पताल जाना हो, बच्चों को स्कूल-कॉलेज पहुंचना हो या दैनिक राशन और स्थानीय बाजारों तक पहुंच बनानी हो तो ग्रामीणों के पास इस खतरनाक मार्ग के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। वर्षों पुराना और पूरी तरह से जर्जर हो चुका यह पुल हर समय किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है।
इस नारकीय स्थिति से मुक्ति पाने के लिए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी प्रतापगढ़ को प्रार्थना पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस बेहद खतरनाक और निष्प्रयोज्य हो चुके पुराने पुल को तत्काल ध्वस्त किया जाए। जनहित को ध्यान में रखते हुए यहां नए और ऊंचे पुल के निर्माण की अविलंब स्वीकृति दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
PDA का 'P' पाकिस्तान बना देंगे.... सीएम योगी का बड़ा हमला, कहा-गिरगिट की तरह रंग बदलती है सपा
