Barabanki Flood News : बाढ़ में घिरा गांव, रात में घुप्प अंधेरा और जान का खतरा... 12 साल से बिजली का इंतजार

Amrit Vichar Network
On

बाढ़ के बीच रात में बढ़ जाती है ग्रामीणों की परेशानी

बाराबंकी में सरयू नदी का जलस्तर लाल निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। तपेसिपाह गांव में कटान और बाढ़ का खतरा बढ़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि 12 साल से बिजली नहीं है और खंभे लगने के बावजूद तार नहीं खिंचे। अंधेरे में मगरमच्छ और जहरीले जीवों का खतरा बना हुआ है।

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। सरयू नदी उतार चढ़ाव का खेल खेलते हुए अब लाल निशान से 30 सेमी ऊपर जा ठहरी है। इस बीच पानी से घिरा तपेसिपाह गांव के किनारों पर कटान की मार तो है ही साथ यहां रह रहे ग्रामीणों की रात खुली आंखों में ही कट जा रही। वजह यह कि खंभे तो हैं पर अब तक इन पर तार तक नहीं खींचे जा सके। दिन बिताना तो मुश्किल ही है, बिन बिजली पानी में तैरते जहरीले जीव जंतुओं से रात में जान पर खतरा भी बना हुआ है। 

सरयू नदी का बढ़ना तराई के लिए जितना मुसीबत भरा है, उसका घटना उतना ही खतरनाक। जलस्तर बढ़ने के साथ ही नदी के मुहाने पर बसे ग्राम कोरिनपुरवा मजरे तपेसिपाह के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लाल निशान के ऊपर पानी पहुंचते ही गांव में बाढ़ और कटान का खतरा बढ़ गया है। गांव के पास कटान रोकने के लिए पिचिंग का कार्य हुआ है, जिससे फिलहाल कटान पर रोक लगी हुई है। 

BARA

हालांकि, बिजली, शौचालय और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण रामजी लाल ने बताया कि गांव में करीब 12 वर्षों से बिजली नहीं है। विद्युत विभाग की ओर से खंभे तो लगाए गए, लेकिन आज तक तार नहीं खीेंचे जा सके। घर के सामने लगा सोलर पैनल भी खराब पड़ा है। रात में बिजली और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। शौचालय की समुचित व्यवस्था न होने से महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को भी परेशानी होती है। 

वहीं नदी के मुहाने पर स्थित दो घरों के आसपास रात के समय मगरमच्छ, घड़ियाल समेत अन्य जलीय और विषैले जीवों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली, प्रकाश आदि सुविधाओं के लिए कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। इस बारे में तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि गांव में लगे सोलर पैनल की बैटरी खराब है। उसे बदलवाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

ये भी पढ़े :  PDA का 'P' पाकिस्तान बना देंगे.... सीएम योगी का बड़ा हमला, कहा-गिरगिट की तरह रंग बदलती है सपा

संबंधित समाचार