Sambhal Violence : संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा पर शिकंजा, दुबई में छिपे गैंगस्टर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी
यूपी पुलिस के डोजियर पर CBI ने इंटरपोल से साधा संपर्क, फर्जी पासपोर्ट से विदेश भागने का आरोप
संभल हिंसा के मामले में वांछित अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर शारिक साठा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ है। यूपी पुलिस के डोजियर के आधार पर CBI ने इंटरपोल से संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक शारिक दुबई में छिपा है और उसके खिलाफ 55-60 मुकदमे दर्ज हैं।
संभल, अमृत विचार। संभल में 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के मास्टरमाइंड अंतराष्ट्रीय गैंगस्टर शारिक साठा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल से संपर्क कर यह नोटिस जारी कराया है। पुलिस के अनुसार शारिक साठा वर्तमान में दुबई में छिपा हुआ है और न्यायालय उसे पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुका है।
पुलिस अधीक्षक संभल कृष्ण विश्नोई ने बताया कि शारिक साठा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अब उसे विदेश से गिरफ्तार कर भारत लाने की कार्रवाई तेज होगी। पुलिस के मुताबिक, जिस देश में उसकी मौजूदगी की पुष्टि होगी, वहां संबंधित एजेंसियों के सहयोग से उसकी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण का प्रयास किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शारिक साठा फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागा था और वर्तमान में दुबई में रह रहा है। उसके परिवार के सदस्यों का भी दुबई आना-जाना रहा है।
CBI को सौंपा गया था पूरा डोजियर
यूपी पुलिस ने शारिक साठा से संबंधित पूरा डोजियर सीबीआई को उपलब्ध कराया था। इसके आधार पर सीबीआई ने इंटरपोल से संपर्क किया, जिसके बाद उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ। पुलिस के अनुसार शारिक साठा के खिलाफ संभल हिंसा के मामले के अलावा करीब 55 से 60 अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं।
पुलिस का प्रयास है कि उसे भारत लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाए, ताकि उसके खिलाफ दर्ज मामलों में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ सके। इससे पहले 21 जनवरी 2026 को संभल पुलिस ने थाना नखासा क्षेत्र के दीपा सराय में शारिक साठा के हिस्से की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की थी। पुलिस का कहना है कि रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद विदेश में छिपे आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई है।
