Pilibhit Crime : पिता ने बेटी की गोली मारकर की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप, आरोपी फरार
पीलीभीत के बीसलपुर में नशे में घर पहुंचे पिता पर 20 वर्षीय बेटी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। युवती बरामदे में बच्चे को पढ़ा रही थी, तभी पिता ने तमंचे से गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
बीसलपुर (पीलीभीत), अमृत विचार : यूपी में पीलीभीत जिले के बीसलपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। नशे की हालत में घर पहुंचे पिता ने शुक्रवार देर शाम अपनी 20 वर्षीय बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के वक्त पुत्री घर के बरामदे में गांव के ही एक बच्चे को पढ़ा रही थी। पास में उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। मौके पर ही युवती ने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी तमंचा लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज कार्रवाई में जुटी रही।
कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के गांव रम्पुरा नौगवां निवासी अजय पाल शुक्रवार देर शाम नशे की हालत में घर पहुंचा। घर में पहुंचते ही उसने परिजनों से झगड़ा शुरू कर दिया। उस समय उसकी 20 वर्षीय बेटी अंशिका गंगवार बरामदे में गांव के एक बच्चे को पढ़ा रही थी। उसकी मां श्वेता और परिवार के अन्य सदस्य भी वहीं थे। आरोप है कि विवाद के बीच अजय पाल ने तमंचा निकाला और बेटी पर गोली चला दी।
गोली अंशिका की बाईं आंख पर लगी। गोली लगते ही वह बरामदे में गिर पड़ी और मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे तो आरोपी तमंचा लेकर भाग चुका था। घटनास्थल पर एक जिंदा कारतूस पड़ा मिला। घटना की सूचना पर सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय, कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटी की हत्या के बाद पत्नी पर भी ताना तमंचा
रम्पुरा नौगवां गांव में 20 वर्षीय बेटी अंशिका की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी पिता अजयपाल ने पत्नी को भी निशाना बनाने की कोशिश की थी। बताते हैं कि बेटी पर फायर करने के बाद उसने तमंचे में दूसरा कारतूस लोड किया और पत्नी की ओर तान दिया। इसी बीच गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को आता देख आरोपी घबरा गया और तमंचा लेकर मौके से फरार हो गया। समय रहते पड़ोसी नहीं पहुंचते तो एक और अनहोनी हो सकती थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में ये भी सामने आया है कि अजय पाल नशा अधिक करता है। परिवार से हुई बातचीत में जानकारी हुई कि वह आए दिन नशे की हालत में घर पहुंचकर पत्नी और परिवार के लोगों से झगड़ा व मारपीट करता था। हालांकि शुक्रवार को उसने बेटी की हत्या क्यों की, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आ सकी है।
वारदात के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताते हैं कि आरोपी अजय पाल करीब तीन माह पहले ही एक झगड़े के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसके बड़े भाई गांव के पूर्व प्रधान बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की और तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। पुलिस टीमें लगातार दबिश देती रही। अंशिका चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके बाद अनुज, अनामिका और अंकित हैं। बेटी की हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं घटना के बाद गांव में हड़कंप मचा रहा।
बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम रम्पुरा नौगवां में पिता द्वारा 20 वर्षीय पुत्री की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई है। आरोपी पिता शराब के नशे में घर पहुंचा था और कहासुनी के दौरान उसने बेटी को गोली मार दी और फरार हो गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। कानूनी कार्रवाई कर गहनता से जांच कराई जा रही है... सुकीर्ति माधव, एसपी।
यह भी पढ़ें:- UPSSSC Junior Assistant Result : कनिष्ठ सहायक भर्ती में 50 अभ्यर्थियों का चयन, आयोग ने जारी किया परिणाम
