दिल्ली में क्रेन की टक्कर से बहराइच के मजदूर की मौत, तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
रोजगार की तलाश में दिल्ली गया था 28 वर्षीय राजित राम, हादसे में मौके पर मौत; पीछे पत्नी और 5 साल से भी कम उम्र की तीन बेटियां छोड़ गया
बहराइच के बलहा ब्लॉक के ग्राम कोयलहवा गद्दीनपुरवा निवासी 28 वर्षीय राजित राम पुत्र नगेसर की दिल्ली में सड़क हादसे में मौत हो गई। परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करने और बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद में राजित दिल्ली में मजदूरी करता था। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बाजार जाते समय क्रेन ने मारी टक्कर
बताया गया कि राजित किसी काम से बाजार जा रहा था। इसी दौरान एक क्रेन ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि राजित की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने क्रेन चालक को हिरासत में ले लिया है।
तीन मासूम बेटियों को छोड़ गया राजित
राजित राम की मौत से परिवार पर आर्थिक और भावनात्मक संकट टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी निर्मला देवी और तीन मासूम बेटियों को छोड़ गया है। बेटियों में नंदनी (5 वर्ष), बंदनी (ढाई वर्ष) और नौ माह की शिवानी शामिल हैं।
घर में कमाने वाला एकमात्र सदस्य होने के कारण राजित की मौत के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा के खर्च और बच्चों के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। पति की मौत के बाद पत्नी निर्मला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
रोजगार के लिए पलायन की मजबूरी
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं होने के कारण क्षेत्र के युवाओं को रोजी-रोटी के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। राजित भी परिवार का भविष्य संवारने की उम्मीद में दिल्ली गया था, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया।
ग्रामीणों और परिजनों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि तीनों बच्चियों की परवरिश और परिवार के भरण-पोषण में मदद मिल सके।
यह भी पढ़ेंः रक्षाबंधन से पहले श्रावस्ती में मिलावटखोर सक्रिय! गिलौला बाजार में उतरी नकली मिठाई की खेप, वीडियो वायरल
