57 रन पर 7 विकेट गंवाने के बाद पलटा मैच, बॉबी यादव-कार्तिक सिद्धू ने नोएडा किंग्स को दिलाई रोमांचक जीत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के दूसरे मुकाबले में नोएडा किंग्स ने कानपुर सुपरस्टार्स को तीन विकेट से हराया, बॉबी यादव ने 44 और कार्तिक सिद्धू ने 34 रन की नाबाद पारी खेली

लखनऊ: अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के दूसरे मुकाबले में नोएडा किंग्स ने बेहद रोमांचक अंदाज में कानपुर सुपरस्टार्स को तीन विकेट से शिकस्त दी। 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नोएडा की टीम एक समय 57 रन पर सात विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। इसके बाद बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने मोर्चा संभाला और 78 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।

बॉबी और कार्तिक ने बदली मैच की तस्वीर

इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर बल्लेबाजी करने उतरे बॉबी यादव ने दबाव के बीच शानदार 44 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 28 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का लगाया। वहीं कार्तिक सिद्धू ने 21 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे।

दोनों बल्लेबाजों ने पहले संभलकर पारी को आगे बढ़ाया और फिर अंतिम ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह नोएडा किंग्स की ओर मोड़ दिया।

आखिरी तीन ओवर में बदला पूरा समीकरण

नोएडा किंग्स को अंतिम 18 गेंदों में जीत के लिए 37 रन चाहिए थे। 18वें ओवर में अजय कुमार के खिलाफ बॉबी और कार्तिक ने 17 रन बटोर लिए। इससे नोएडा को 12 गेंदों में 20 रन की जरूरत रह गई।

कानपुर के विनीत पंवार ने 19वें ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल छह रन दिए। इसके बाद नोएडा किंग्स के सामने अंतिम छह गेंदों में 14 रन का लक्ष्य था।

शक्ति वर्मा के अंतिम ओवर की पहली दो गेंदों पर बॉबी यादव ने लगातार चौके जड़कर दबाव कानपुर पर वापस डाल दिया। तीन गेंदों पर चार रन की जरूरत रह गई। इसके बाद बॉबी ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से चौका लगाकर नोएडा किंग्स को यादगार जीत दिला दी।

कानपुर ने बनाए थे 134 रन

इससे पहले नोएडा किंग्स के कप्तान माधव कौशिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नोएडा के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कानपुर सुपरस्टार्स पर दबाव बनाए रखा। कानपुर की टीम 13 ओवर के भीतर 74 रन पर सात विकेट गंवा चुकी थी।

नोएडा के बाएं हाथ के स्पिनर शिवा सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिए। तेज गेंदबाज कुणाल त्यागी ने भी उनका अच्छा साथ दिया और 28 रन देकर तीन विकेट झटके।

यशोवर्धन और शुभम ने संभाली पारी

कानपुर के शुरुआती विकेट गिरने के बाद यशोवर्धन सिंह और शुभम मिश्रा ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 43 गेंदों पर 59 रन की अहम साझेदारी हुई। यशोवर्धन ने 21 गेंदों में 28 रन, जबकि शुभम मिश्रा ने 24 गेंदों पर 29 रन बनाए।

इस साझेदारी के दम पर कानपुर सुपरस्टार्स ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 134 रन का स्कोर खड़ा किया और नोएडा के सामने 135 रन का लक्ष्य रखा।

नोएडा की शुरुआत भी रही खराब

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कानपुर के गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट निकालते हुए नोएडा की बल्लेबाजी को दबाव में रखा। 12वें ओवर में नोएडा का स्कोर सात विकेट पर सिर्फ 57 रन था।

कानपुर के ऑलराउंडर शुभम मिश्रा ने गेंद से भी प्रभाव छोड़ा। उन्होंने चार ओवर में केवल 10 रन देकर दो विकेट हासिल किए। अनुभवी स्पिनर कर्ण शर्मा ने 39 रन देकर दो और तेज गेंदबाज अजय कुमार ने 31 रन देकर दो विकेट लिए।

लेकिन इसके बाद बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू की साझेदारी ने पूरा मैच बदल दिया और नोएडा किंग्स ने तीन विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

यह भी पढ़ेंः UP T20 League Season 4 : आखिरी गेंद पर पलटा मैच! यश गर्ग के चौके-छक्कों से मेरठ मावेरिक्स ने चैंपियन काशी रुद्रास को 1 विकेट से रौंदा

संबंधित समाचार