UP T20 League Season 4 : आखिरी गेंद पर पलटा मैच! यश गर्ग के चौके-छक्कों से मेरठ मावेरिक्स ने चैंपियन काशी रुद्रास को 1 विकेट से रौंदा

Amrit Vichar Network
On

आखिरी तीन ओवर में 26 रन, फिर शुरू हुआ रोमांच

यश गर्ग के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के उद्घाटन मुकाबले में गत चैंपियन काशी रुद्रास को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हरा दिया। यश ने चार विकेट लेने के बाद नाबाद 26 रन बनाकर मेरठ को रोमांचक जीत दिलाई।

लखनऊ, अमृत विचार। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का आगाज ही रोमांच से भरपूर रहा। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने गत चैंपियन काशी रुद्रास को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। मेरठ की जीत के हीरो रहे यश गर्ग, जिन्होंने पहले गेंद से कहर बरपाया और फिर बल्ले से आखिरी गेंद पर टीम को जीत दिलाई।

यश गर्ग ने गेंद से बरपाया कहर

टॉस जीतकर मेरठ मावेरिक्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। यश गर्ग ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए चार ओवर में महज 19 रन देकर चार विकेट झटके। जीशान अंसारी ने 19 रन देकर तीन और विशाल चौधरी ने 13 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

काशी रुद्रास की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी ने 32 गेंदों पर 42 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। कप्तान करन शर्मा समेत शीर्ष क्रम के बल्लेबाज यश गर्ग की सटीक गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सके। पूरी टीम 20 ओवर में 118 रन पर सिमट गई।

10 ओवर में 47 रन पर चार विकेट

119 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत भी खराब रही। दूसरे ओवर में स्वस्तिक चिकारा का विकेट गिरने के बाद टीम लगातार दबाव में रही। 10 ओवर पूरे होने तक मेरठ का स्कोर चार विकेट पर सिर्फ 47 रन था। इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने 21 गेंदों पर 28 रन और दिव्यांश राजपूत ने 24 गेंदों पर 26 रन बनाकर पांचवें विकेट के लिए 36 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि काशी के गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाकर मुकाबले में रोमांच बनाए रखा।

आखिरी तीन ओवर में 26 रन, फिर शुरू हुआ रोमांच

मेरठ को अंतिम तीन ओवर में जीत के लिए 26 रन की जरूरत थी। काशी के तेज गेंदबाज अटल बिहारी राय ने लगातार विकेट लेकर मेरठ की मुश्किलें बढ़ा दीं। उन्होंने चार विकेट हासिल किए और यूपी टी-20 लीग के इतिहास में सर्वाधिक 54 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

आखिरी ओवर में चाहिए थे 19 रन

मेरठ के नौ विकेट गिर चुके थे और अंतिम ओवर में जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। ऐसे मुश्किल वक्त में यश गर्ग ने मोर्चा संभाला। उन्होंने ओवर की शुरुआत चौके और छक्के के साथ की। इसके बाद दो गेंदों पर सात रन की जरूरत थी और यश ने एक और छक्का जड़कर मुकाबले का रुख पलट दिया।

अंतिम गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने मेरठ मावेरिक्स को एक विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। यश गर्ग 14 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाकर लौटे। चार विकेट और नाबाद 26 रन के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए वह मैच के नायक रहे। इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में धमाकेदार अंदाज में अपना खाता खोला।

यह भी पढ़ें:-शुभम जगलान का कमाल! 21 साल की उम्र में जीता पहला प्रोफेशनल खिताब, 15 लाख रुपये भी मिले

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Bareilly News: बरेली वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! एयरपोर्ट से जल्द शुरू हो सकती है B-737 की उड़ान, अकासा ने दिया प्रस्ताव
Rampur News : तिरंगा यात्रा में नारेबाजी पर बवाल! ‘जय भीम’ बोलने पर छात्र से मारपीट का आरोप, थाने पहुंची भीम आर्मी
Sambhal News : संभल में आजादी का जश्न मातम में बदला, बच्चों से भरा छज्जा भरभराकर गिरा; 8 साल के मासूम की मौत
स्वतंत्रता दिवस : CM धामी के 7 बड़े ऐलान, युवा आयोग से औद्योगिक पार्क तक; PM आवास में बढ़ा राज्यांश, ‘बाल वीरता पुरस्कार’ भी शुरू
Sitapur News : तिरंगे के सम्मान से खिलवाड़! गुलाब के पौधे में बांधकर फहराया राष्ट्रीय ध्वज, वीडियो वायरल होने पर जागे अफसर