Chitrakoot Accident : दो बाइकों की भिड़ंत के बाद छात्रों पर चढ़ा ट्रक, दो की मौके पर मौत; दो गंभीर
मऊ के अहिरी धर्मकांटा के पास हादसा, स्कूल जा रहे थे दोनों छात्र
चित्रकूट के मऊ में दो बाइकों की भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे दो छात्रों को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने CCTV की मदद से फरार ट्रक को बरगढ़ में बरामद कर लिया।
मऊ (चित्रकूट), अमृत विचार। मऊ थाना क्षेत्र के अहिरी धर्मकांटा के पास शनिवार सुबह करीब आठ बजे हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दो बाइकों की आपस में भिड़ंत के बाद हुआ। सड़क पर गिरे छात्रों को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों को उपचार के बाद स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल, प्रयागराज रेफर किया गया है।
अर्जुनपुर दबवा खंडेहा निवासी संदीप (20) पुत्र शिवशंकर और सुरौंधा निवासी रंजीत पासी (19) मऊ के पं. शिवकुमार त्रिपाठी इंटर कॉलेज के छात्र थे। शनिवार सुबह दोनों बाइक से विद्यालय आ रहे थे। अहिरी धर्मकांटा के पास हाईवे पर मऊ की ओर आ रही दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों छात्र सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में भट्ठा, नगर पंचायत मऊ निवासी संजय (25) पुत्र शिवलाल निषाद और राम सवारे (40) पुत्र रामप्रसाद घायल हुए। दोनों मऊ से सुरौंधा की ओर जा रहे थे। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक लेकर भागा चालक
मऊ थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर तेजी से फरार हो गया था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक की तलाश की और उसे बरगढ़ में बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि मृतक छात्रों का पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
