Independence Day : CM योगी ने किया बलिदानी वीरों के परिजनों का सम्मान, बोले- इन बलिदानों से ऊंचा है भारत का मस्तक
शौर्य चक्र और वीर चक्र विजेताओं समेत शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शौर्य चक्र, वीर चक्र और सेना मेडल से सम्मानित सैनिकों तथा शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने वीरों के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता जताई।
लखनऊ, अमृत विचार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ऐतिहासिक विधान भवन के समक्ष आयोजित राजकीय समारोह में प्रदेशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश की रक्षा और सम्मान के लिए अदम्य साहस दिखाने वाले वीर सैनिकों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के वीर सपूतों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, उनके बलिदान से भारत का मस्तक गौरव से ऊंचा हुआ है। ऐसे वीरों और उनके परिवारों के प्रति पूरा देश सदैव ऋणी रहेगा।
शौर्य चक्र से सम्मानित वीरों के परिजनों को सम्मान
समारोह में मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद लेफ्टिनेंट हरी सिंह बिष्ट की माता शांति बिष्ट और शौर्य चक्र से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल अमित मोहिंद्रा के पिता एचएस मोहिंद्रा को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। शौर्य चक्र से सम्मानित कर्नल भरत सिंह तथा वीर चक्र से सम्मानित शहीद नायक राजा सिंह की पौत्रवधू राजेश्वरी देवी को भी सम्मान प्रदान किया गया।

ऑपरेशन में शहीद जवानों के परिजनों का भी सम्मान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑपरेशन विजय में शहीद मेजर रितेश शर्मा के पिता सत्य प्रकाश शर्मा, वायुयान दुर्घटना में शहीद एनसी पुताली के भाई मुन्नी लाल और ऑपरेशन रक्षक में शहीद नायक अरुण कुमार त्रिपाठी के पिता हवलदार ओमप्रकाश त्रिपाठी को सम्मानित किया। इसके अलावा नौसैन्य अभियान में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव की माता प्रजेश यादव को भी सम्मान मिला।
शहीदों की पत्नियों और सैनिकों के परिजनों को सम्मान
समारोह में ऑपरेशन पवन में शहीद राजवीर सिंह की पत्नी सुमन देवी और ऑपरेशन रक्षक में शहीद सिगनलमैन हर्षवर्धन सिंह की पत्नी शमा देवी को भी सम्मानित किया गया। सेना मेडल से सम्मानित राजपूत रेजीमेंट के हवलदार पंकज सिंह की पत्नी शक्ति सिंह और सेना मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल मेजर प्रभांशु सिंह के बड़े भाई प्रांजल सिंह को भी मुख्यमंत्री ने सम्मान प्रदान किया।

CRPF के शहीद जवानों के परिवार भी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सीआरपीएफ के शहीद रक्षा राम की पत्नी सीता सुंदरी, शहीद दिवाकर तिवारी की पत्नी संतोष तिवारी और लांस नायक शहीद बचान सिंह की पत्नी मुन्नी देवी को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह में शहीदों के त्याग और साहस को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
यह भी पढ़ें:-Independence Day : शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र, यूपी पुलिस के लिए बना ऐतिहासिक गौरव
