श्रावस्ती में शान से लहराया तिरंगा : DM ने दिलाया आजादी के सपनों को साकार करने का संकल्प; खिलाड़ियों और शिक्षकों का सम्मान
हर घर तिरंगा से गूंजा श्रावस्ती, कलेक्ट्रेट में DM अन्नपूर्णा गर्ग ने फहराया तिरंगा
श्रावस्ती कलेक्ट्रेट में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। इस दौरान खिलाड़ियों, छात्रों और शिक्षकों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
श्रावस्ती, अमृत विचार। जिले में शनिवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के बाद तिरंगा फहराया और गार्ड की सलामी ली। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए लोगों से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
खिलाड़ियों और शिक्षकों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने क्रॉसकंट्री रेस के विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया। बालक वर्ग में बॉबी राणा ने प्रथम, किशनलाल ने द्वितीय, प्रवेश कुमार ने तृतीय, हर्षित कुमार ने चतुर्थ, रंजीत यादव ने पंचम और भूषण ने षष्ठम स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में नैना त्रिवेदी प्रथम, हसीबुन निशा द्वितीय, सानिया बानो तृतीय, पूजा चतुर्थ, कोमल पंचम और संजना षष्ठम स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया।

बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसके अलावा विद्यालय में शत-प्रतिशत छात्रों की स्कूल ड्रेस में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करने वाले शिक्षकों और रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजन को प्रतीक चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति का माहौल रहा।

‘बलिदान व्यर्थ न जाए, इसके लिए कर्तव्यों का पालन करें’
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयास और बलिदान से देश को आजादी मिली। आज हम जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह उन्हीं वीर-वीरांगनाओं के संघर्ष का परिणाम है। उनके बलिदान को देश हमेशा नमन करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए ईमानदारी, निष्ठा और सद्भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि उनका बलिदान व्यर्थ न जाए।

डीएम ने कहा कि श्रावस्ती ने भी विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं। जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने वाला सराहनीय कदम बताया और अभियान में जुटे अधिकारियों, कर्मचारियों और जिलेवासियों को बधाई दी।
वीर जवानों को भी किया याद
एडीएम ललित कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को पर्व की तरह मनाना चाहिए। देश की आजादी के लिए प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को पूरा देश सदैव श्रद्धांजलि देता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में सीमा पर तैनात सैनिकों का भी इस अवसर पर स्मरण कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए।

एडीएम न्यायिक अशोक कुमार ने कहा कि लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद 1947 में देश को स्वतंत्रता मिली। भारत की आजादी महान सपूतों और बलिदानियों की तपस्या का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश ने अलग-अलग दौर में गुलामी के खिलाफ संघर्ष और आंदोलनों के जरिए स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी।
देशभक्ति गीत ने बांधा समां
कार्यक्रम में एडीएम के वैयक्तिक सहायक केके वैश्य ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक और देशभक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में एसडीएम प्रवीण कुमार यादव, श्रेया, निशांत उपाध्याय, जिला शासकीय अधिवक्ता श्रवण कुमार द्विवेदी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शरद श्रीवास्तव, आशुलिपिक अनूप तिवारी, नाजिर कौशल यादव, सद्भावना अध्यक्ष योगेंद्रमणि त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
