UP News : यूपी में सड़क और परिवहन ढांचे को मिलेगी रफ्तार, 21 निर्माण कार्यों के लिए 175 करोड़ रुपये जारी
बाईपास-रिंग रोड से लेकर आरओबी और जिला मार्गों के चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण पर खर्च होगी रकम
योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में यूपी की 21 चालू सड़क और परिवहन परियोजनाओं के लिए 175.02 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसमें 13 सड़क कार्य, तीन आरओबी और चार बाईपास-रिंग रोड-फ्लाईओवर परियोजनाएं शामिल हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिए 75 करोड़ और वनाग्नि रोकथाम के लिए 22.80 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में सड़क और परिवहन ढांचे को और मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 21 चालू निर्माण कार्यों के लिए 175.02 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इनमें राज्य व प्रमुख जिला मार्गों के चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण के 13 कार्य, तीन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) तथा बाईपास-रिंग रोड-फ्लाईओवर के चार कार्य शामिल हैं। इसके अलावा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए 75 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
वनाग्नि की रोकथाम और प्रबंधन के लिए केंद्र प्रायोजित योजना के तहत 22.80 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी दी गई है। इन सभी को जोड़ने पर प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यों के लिए जारी धनराशि करीब 175.25 करोड़ रुपये होती है। संबंधित शासनादेश सात अगस्त को जारी किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग ने राज्य, प्रमुख और अन्य जिला मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के 13 चालू कार्यों के लिए कुल 32.8488 करोड़ रुपये का आवंटन किया है।
इसमें गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, सीतापुर, अमेठी, बागपत और गाजियाबाद समेत कई जिलों की सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। गोरखपुर में कुसमी-पिपराइच मार्ग से गढ़वा रिठिया चीनी मिल मार्ग और कैंपियरगंज बाईपास मार्ग समेत तीन कार्य हैं। अयोध्या में अमानीगंज मार्ग से एनएच-28 तक 14.240 किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण भी इसमें शामिल है।
इन कार्यों के लिए 25.8814 करोड़ रुपये राज्य सेक्टर और 6.9674 करोड़ रुपये अन्य बजटीय प्रावधान से दिए जाने हैं। शासन ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित कार्यों के अलावा किसी अन्य मद में नहीं किया जाएगा और समय से उपयोगिता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना होगा।
आरओबी के तीन कामों के लिए 53.67 करोड़
रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात को सुगम बनाने के लिए तीन चालू कार्यों पर 53.6714 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसमें बलिया के रसड़ा में गाजीपुर-तुर्तीपार राज्य मार्ग-108 पर चार लेन आरओबी, गोंडा के मसकनवा बाजार में दो लेन आरओबी और सुल्तानपुर में आरओबी/एलएचएस निर्माण शामिल है।
इनसेट
चार बाईपास परियोजनाओं को 13.50 करोड़
शहरों में यातायात का दबाव कम करने के लिए बाईपास, रिंग रोड और फ्लाईओवर से जुड़े चार चालू कार्यों के लिए 13.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इनमें बहराइच बाईपास का 11.777 किलोमीटर निर्माण, गोण्डा में पांच किलोमीटर परसपुर बाईपास, बलिया में 11.700 किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण और बिजनौर में नौ किलोमीटर धामपुर बाईपास का निर्माण शामिल है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को 75 करोड़
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 75 करोड़ रुपये अवमुक्त करने की स्वीकृति दी गई है। शासनादेश के अनुसार परियोजना की मूल स्वीकृत लागत 14,849.09 करोड़ रुपये है। स्वीकृत धनराशि का उपयोग परियोजना के स्वीकृत कार्य मदों और निर्धारित लागत सीमा में ही किया जाएगा।
वनाग्नि रोकने को भी बढ़ा बजट
जंगलों में आग की रोकथाम और प्रबंधन के लिए केंद्र प्रायोजित ‘फॉरेस्ट फायर प्रिवेंशन एंड मैनेजमेंट स्कीम’ के तहत 22.80 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसमें केंद्र की 13.68 लाख रुपये की सहायता और राज्यांश के 9.12 लाख रुपये शामिल हैं। राशि में 5.57 लाख रुपये मजदूरी, 5.30 लाख रुपये अनुरक्षण और 11.93 लाख रुपये अन्य व्यय के लिए रखे गए हैं।
