LIVEUP Monsoon Session: विधानसभा की कार्रवाही कल तक के लिए स्थगित,, ‘दान पेटी’ लेकर विधानसभा पहुंचे सपा विधायक
मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में, मायावती ने छोटे सत्र को लेकर जताई चिंता; सदन में पहली बार होगा वंदे मातरम का पूर्ण गायन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का वर्ष 2026 का तृतीय यानी मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है। विपक्ष की ओर से राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी, दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, एक्सप्रेसवे निर्माण में कथित गड़बड़ी और शिक्षक भर्ती समेत कई मुद्दे उठाए जाने के आसार हैं। वहीं सरकार भी विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का यह सत्र 3 से 6 अगस्त तक निर्धारित है।
‘दान पेटी’ लेकर विधानसभा पहुंचे सपा विधायक
मानसून सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के नेता ‘दान पेटी’ लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे। सपा एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव ने भाजपा पर आस्था के नाम पर भगवान राम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब यह मामला सामने आता है तो जनता का ध्यान भटकाने के लिए नई और पुरानी एसआईटी गठित की जाती हैं।
डॉ. मान सिंह यादव ने NEET पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दावा किया था कि NEET का पेपर लीक होना संभव नहीं है, लेकिन बाद में पेपर लीक होने का मामला सामने आया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार में इस्तीफे नहीं होने की बात कही जाती है, जबकि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर नेतृत्व को बचाया गया।
सीएम योगी बोले- सदन में हो स्वस्थ चर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है और यह सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की प्राथमिकता हमेशा विधानसभा के मंच का बेहतर उपयोग करना रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश के पिछड़े राज्यों की श्रेणी से बाहर निकालकर ऐसे राज्य के रूप में स्थापित करने का अवसर मिला है, जिसने राजस्व-अधिशेष राज्य बनने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने आर्थिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदन के समय का प्रभावी इस्तेमाल होना चाहिए और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने तथा उन पर चर्चा का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सभी सदस्यों से स्वस्थ और सार्थक चर्चा करने की अपील की।
आउटसोर्स कर्मियों के कल्याण पर भी सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के आउटसोर्स कर्मियों ने पिछले नौ वर्षों में बेहतर काम किया है। सरकार उनके कल्याण और वेलफेयर से जुड़ी सुविधाओं के लिए भी काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा, समीक्षा और उनके समाधान के लिए विधायिका सबसे बेहतर व्यवस्था है। सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में रख सकते हैं और सरकार के माध्यम से उनके समाधान की दिशा में काम कर सकते हैं।
कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार अलर्ट
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेशभर में शिवभक्त ‘हर-हर बम-बम’ के जयघोष के बीच सावन का समय बिता रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कांवड़िए गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार के लिए रवाना हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए शासन, प्रशासन और स्वयंसेवी संगठन पूरी तरह तत्पर हैं। मुख्यमंत्री ने सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं और बधाई दी।
सत्र से पहले सपा विधायकों का प्रदर्शन
मानसून सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के नीचे प्रदर्शन किया। सपा विधायक राम मंदिर से जुड़े चंदा चोरी के आरोप और शिक्षक भर्ती के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
विधायक हाथों में पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे और सरकार से इन मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।
मानसून सत्र से पहले, सीएम की प्रेस वार्ता...
सुरेश खन्ना बोले- विपक्ष के पास मुद्दा नहीं
संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने मानसून सत्र की शुरुआत से पहले कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और वह मुद्दे बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास लोगों की उम्मीदों से बेहतर हुआ है और योगी सरकार हर मामले में हर तरह से जवाब देने में सक्षम है।
सत्र के दौरान सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक अनुदानों की मांगें भी सदन के सामने रखेगी। इसके साथ ही अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक और अन्य जरूरी विधायी कार्य भी प्रस्तावित हैं।
सपा विधायक आलम बदी के निधन पर शोक प्रस्ताव
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने पर आजमगढ़ के निजामाबाद से समाजवादी पार्टी के विधायक आलम बदी के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। सदन में दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
पहली बार विधानसभा में होगा वंदे मातरम का पूर्ण गायन
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही को सकारात्मक सहयोग के साथ सुचारु रूप से चलाने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि सदन लोकतांत्रिक विमर्श का सर्वोच्च मंच है और प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए।
इस सत्र में पहली बार विधानसभा में -वंदे मातरम का पूर्ण गायन- किया जाएगा।
