Kanpur News: स्कूली बच्चों से भरी वैन हुई का हादसे का शिकार, 19 छात्र घायल; चालक फरार
जैनपुर गांव के पास बच्चों से भरी एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलट गई
कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र में न्यू लाइट एजुकेशन स्कूल की वैन पलटने से 19 बच्चे घायल हो गए। सभी बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
अमृत विचार, कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव के पास बच्चों से भरी एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वैन में सवार 19 बच्चे घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, राजपुर कस्बे स्थित न्यू लाइट एजुकेशन स्कूल की निजी वैन जैनपुर-सिकंदरा मार्ग से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान जैनपुर गांव के पास वैन चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वैन सड़क पर लहराने के बाद पलट गई।
ग्रामीणों ने बचाई बच्चों की जान
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वैन में फंसे सभी 19 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने निजी वाहनों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) राजपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। दुर्घटना के कारण जैनपुर-सिकंदरा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैन को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।
पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन कुछ दूर तक सड़क पर लहराती रही और फिर अनियंत्रित होकर पलट गई।
ये भी पढ़ें :
Kanpur News: गंगाजल लेने जा रहे कांवड़िए की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार DCM ने बाइक को मारी टक्कर
