सेंट्रल बार एसोसिएशन चुनाव: अध्यक्ष बने सुरेशचंद्र यादव, महामंत्री पद पर संजय प्रताप सिंह की प्रचंड जीत

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

संवाददाता, रायबरेली, अमृत विचार : सेंट्रल बार एसोसिएशन के चुनाव में बुधवार को देर रात तक चली मतगणना के बाद नई कार्यकारिणी का गठन हो गया। सबसे प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद पर सुरेशचंद्र यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शशिकांत पांडेय को 117 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। सुरेशचंद्र यादव को कुल 581 मत मिले, जबकि शशिकांत पांडेय को 464 मत प्राप्त हुए।

महामंत्री पद पर भी मुकाबला एकतरफा रहा। संजय प्रताप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 640 मत हासिल किए और अपने प्रतिद्वंद्वी संजीव कुमार शुक्ला, जिन्हें 250 मत मिले, को 390 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। दीवानी परिसर में मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर विजेताओं का स्वागत किया गया।

बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और गहमागहमी के बीच मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले कनिष्ठ एवं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य तथा संयुक्त मंत्री पदों की मतगणना पूरी की गई। संयुक्त मंत्री के तीन पदों पर दिवाकर सिंह, नारायण स्वरूप पांडेय और विपुलेश श्रीवास्तव निर्वाचित घोषित किए गए।

वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के छह पदों पर मीना कुमारी, अशोक कुमार चौधरी, नीरज श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार सिंह, उदय प्रताप सिंह और इरशाद अहमद खान ने जीत दर्ज की। वहीं कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के छह पदों पर विनोद कुमार मौर्य, विवेक सिंह, आकाश सोनकर, गौरव शर्मा, अभय सिंह और हिमांशु शर्मा निर्वाचित हुए।

अन्य प्रमुख पदों में अनूप कुमार श्रीवास्तव वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए। उपाध्यक्ष के दो पदों पर संतोष कुमार शुक्ला और संजय शर्मा विजयी रहे, जबकि सचिन श्रीवास्तव कनिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

पूरे दिन अधिवक्ताओं और प्रत्याशियों की निगाहें अध्यक्ष और महामंत्री पद के परिणाम पर टिकी रहीं। देर रात तक दीवानी परिसर में चुनावी सरगर्मियां बनी रहीं। चुनाव अधिकारियों ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान और मतगणना संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया।

हालांकि नई कार्यकारिणी के अधिकांश पदों का परिणाम घोषित कर दिया गया है, लेकिन कोषाध्यक्ष पद के लिए आगामी 1 अगस्त को मतदान कराया जाएगा, जिसके बाद नई कार्यकारिणी पूरी तरह अस्तित्व में आ जाएगी।

सेन्ट्रल बार एसोसिएशन रायबरेली के निर्वाचन 2026- 2027 के समस्त नवनिर्वाचित पदाधिकारी

अध्यक्ष सुरेश चन्द्र यादव

महामन्त्री संजय प्रताप सिंह

वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूप श्रीवास्तव

उपाध्यक्ष (मध्य) सन्तोष शुक्ला, संजय शर्मा

कनिष्ठ उपाध्यक्ष सचिन श्रीवास्तव

संयुक्त मन्त्री 

1- दिवाकर सिंह
2 - नारायण स्वरूप पाण्डेय
3 - विपुलेश श्रीवास्तव

वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्यगण 

1 - अशोक कुमार चौधरी
2 - इरशाद अहमद खान
3 - उदय प्रताप सिंह
4 - नीरज कुमार श्रीवास्तव
5 - प्रदीप कुमार सिंह चौधरी
6 - मीना कुमारी

कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्यगण 

1 - अभय सिंह राठौर (मेजर)
2 - आकाश सोनकर
3 - गौरव शर्मा
4 - हिमान्शु शर्मा
5 - विनोद कुमार मौर्या
6 - विवेक सिंह (गौरव)

यह भी पढ़ें :  उर्स-ए-रजवी : बिहार, बंगाल और असम से आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग

संबंधित समाचार