गोंडा : कर्मचारियों से अभद्रता करने पर सफाईकर्मी निलंबित
गोंडा, अमृत विचार : जिला पंचायत राज अधिकारी ने जिला निर्वाचन कार्यालय से संबद्ध सफाईकर्मी राजाराम को शासकीय कार्यों में लापरवाही, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना तथा कार्यालय कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
डीपीआरओ के मुताबिक 25 जुलाई को राजाराम को कार्यालय बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। इससे पूर्व भी कई बार बुलाए जाने के बावजूद उनके कार्यालय न आने का उल्लेख किया। 27 जुलाई को नोटिस प्राप्त कराने के दौरान राजाराम ने कार्यालय कर्मचारियों के साथ अभद्रता की।
इस पर डीपीआरओ ने सफाईकर्मी राजाराम को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में राजाराम को जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की विभागीय जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विकास खंड बेलसर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
