श्रावस्ती : लापता युवक का दूसरे दिन नहर में मिला शव
सिरसिया (श्रावस्ती),अमृत विचार : भिनगा कोतवाली स्थित नहर में सोमवार को एक युवक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के बारे में जानकारी जुटाई। युवक की पहचान केरवानिया गांव निवासी श्रवण कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल, भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम केरवानिया निवासी श्रवण कुमार गुप्ता उर्फ हरिशंकर गुप्ता(35) पुत्र राममिलन गुप्ता रविवार सुबह घर से भैंस चराने निकला था। शाम को भैंस वापस घर लौट आई, लेकिन श्रवण कुमार घर नहीं लौटा। काफी देर तक उसके वापस न लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार सुबह गांव निवासी वीरेंद्र पाल पुत्र फेरन पाल ट्रैक्टर लेकर गांव खेतों पर जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने नहर में एक शव उतराता दिखे। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस सहित ग्रामीणों को दी। मौके पर एएसपी चंद्रकेश सिंह के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक भिनगा ने शव को नहर से बाहर निकाला। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वही युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया हैं।
