सुलतानपुर : श्रद्धा सिंह हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

सुलतानपुर, अमृत विचार : बल्दीराय थाना क्षेत्र के चर्चित श्रद्धा सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी महंथ को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय में पेश किया। प्रभारी न्यायाधीश श्याम मोहन जायसवाल की अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया।

अभियोजन पक्ष के एडीजीसी संजय सिंह एवं वादी पक्ष के अधिवक्ता शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि मामला वर्ष 2020 का है। मृतका की मां अर्चना देवी ने 22 सितंबर 2020 को बल्दीराय थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया था कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री श्रद्धा सिंह के हाथ-पैर और मुंह बांधकर उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी गई थी। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी की लखनऊ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।

इस मामले में पुलिस ने जगबरन यादव, सुभाष सिंह, जयकरन और महंथ के विरुद्ध हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के बाद सुभाष सिंह और जयकरन के विरुद्ध आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। बाद में अभियोजन की अर्जी पर अदालत ने जगबरन यादव और महंथ को भी विचारण के लिए तलब किया।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बल्दीराय पुलिस ने फरार आरोपी महंथ को देहली बाजार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वर्तमान में मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय में चल रही है। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजते हुए मामले की अग्रिम सुनवाई नियत कर दी।

संबंधित समाचार