Bareilly News : 108वें उर्स-ए-रज़वी के लिए स्पेशल ट्रेनों की मांग, जमात रज़ा के प्रतिनिधिमंडल ने DRM को सौंपा ज्ञापन
6 अगस्त से शुरू होगा उर्स-ए-रज़वी, जायरीनों की सुरक्षा के लिए DRM से मिला प्रतिनिधिमंडल
बरेली में 6 अगस्त से शुरू होने वाले 108वें उर्स-ए-रज़वी के लिए जमात रज़ा-ए-मुस्तफा ने DRM को ज्ञापन सौंपकर स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है।
बरेली, अमृत विचार। आला हजरत के 108 वें उर्स-ए-रजवी की तैयारियां जोरों पर हैं। छह से आठ अगस्त तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उर्स में देश-विदेश से लाखों जायरीनों के बरेली पहुंचने की संभावना को देखते हुए जमात रजा-ए-मुस्तफा के प्रतिनिधिमंडल ने इज्जतनगर मंडल की डीआरएम वीणा सिन्हा से मुलाकात कर रेलवे व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने उर्स स्पेशल ट्रेनों के संचालन से लेकर सुरक्षा और यात्री सुविधाएं बढ़ाने का ज्ञापन सौंपा।
तीन रोजा उर्स ए रजवी की तैयारियां दरगाह आला हजरत से लेकर मदरसा जामियातुर रजा तक चल रही हैं। जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां की निगरानी में उर्स कोर कमेटी और वालंटियर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। उर्स कोर कमेटी के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. मेहंदी हसन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने इज्जतनगर डीआरएम से मुलाकात की। डॉ. मेहंदी हसन ने बताया कि उर्स के दौरान मुंबई, अहमदाबाद, सूरत, जयपुर, इंदौर, भोपाल, नागपुर, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोलकाता, पटना, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और कानपुर समेत देश के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में जायरीन रेल मार्ग से बरेली पहुंचते हैं। ऐसे में उर्स स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाना आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने जंक्शन और ट्रेनों में आरपीएफ एवं जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती, जनरल और स्लीपर कोच में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, प्रत्येक कोच में सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी चेन के पास महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की भी मांग की। प्लेटफॉर्म पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था, अतिरिक्त शौचालय, मेडिकल कैंप, नियमित उद्घोषणाएं और यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी टिकट काउंटर खोले जाने की भी मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल में यासीन खान, समरान खान, ताबिश, साकिब, हाफिज़ इकराम रज़ा खां, मोईन खान, कौसर अली, शमीम अहमद, अब्दुल्लाह रज़ा खां सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
