Sambhal News : पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली, इंस्पेक्टर भी हुए घायल
दो साथी फायरिंग करते हुए जंगल की ओर हुए फरार
संभल, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और गाै तस्कर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि प्रभारी निरीक्षक मोहित कुमार भी बदमाशों की गोली छूकर निकल जाने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। उसके दो साथी फायरिंग करते हुए जंगल की ओर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस कांबिंग कर रही है।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक मोहित कुमार पुलिस टीम के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान ग्राम नरैठा मोहम्मदपुर-मुबारकपुर बंद के चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान ग्राम मढ़न की ओर से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर बाइक सवार पीछे मुड़कर भागने लगे, जिस पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया। भागते हुए आरोपी मोटरसाइकिल को ग्राम नरैठा मोहम्मदपुर स्थित पानी की टंकी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर ले गए। आगे नहर की खुदाई के कारण रास्ता बंद होने पर उन्होंने नहर की कच्ची पटरी से निकलने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार घिरते देख तीनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली प्रभारी निरीक्षक मोहित कुमार के दाहिने हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोहित कुमार ने सरकारी पिस्टल से फायर किया, जिससे एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं उसके दो साथी फायरिंग करते हुए घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम इमरान पुत्र सलीम निवासी ग्राम मुंडी मिलक, थाना मैनाठेर, जनपद मुरादाबाद बताया। उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल आरोपी ने फरार साथियों के नाम अलीम और सईम पुत्रगण कय्यूम निवासी ग्राम मुंडी मिलक, थाना मैनाठेर, जनपद मुरादाबाद बताए। पुलिस ने घायल बदमाश और घायल प्रभारी निरीक्षक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असमोली में भर्ती कराया। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार कांबिंग कर रही हैं तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
