रामायण कालीन प्रसंगों पर चमके निजी विज्ञापन : जिम्मेदार बेखबर, रामभक्तों में भारी आक्रोश
अयोध्या, अमृत विचार : विश्व प्रसिद्ध रामनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं और जनमानस में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के लिए अयोध्या - लखनऊ हाईवे पर उकेरी गईं रामायण कालीन कलाकृतियों का अनादर किया जा रहा है। बिना अनुमति के विभिन्न निजी कंपनियां व कोचिंग सेंटर संचालक रामायण कालीन प्रसंगों पर आधारित कलाकृतियों पर अपनी संस्था के विज्ञापन लगा रहे हैं। देवकाली ओवरब्रिज से लेकर भेलसर चौराहे ओवरब्रिज तक ऐसे सैकड़ों विज्ञापन कलाकृतियां के ऊपर चस्पा कर दिये गये हैं। इसे लेकर जहां जिम्मेदार बेखबर हैं वहीं लोगों में आक्रोश है।
आध्यात्मिक चेतना जागृत मंच के अवध प्रांत संयोजक अशोक कुमार शांडिल्य ने नगर निगम और अयोध्या विकास प्राधिकरण को पत्र भेज कलाकृतियों को सुरक्षित रखने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि ओवरब्रिजों और अन्य स्थलों पर रामायण कालीन प्रसंगों का सुंदर कलाकृतियों के माध्यम से वर्णन किया गया है। इन कलाकृतियों में सनातन समाज के देवी-देवताओं को दर्शाया गया है। ऐसे में अनादर कदापि उचित नहीं है। उन्होंने बुधवार को कहा कि इसे लेकर 15 जुलाई से मंच द्वारा जन चेतना अभियान चलाया जाएगा।
लोगों की भावनाएं हो रहीं आहत, सार्वजनिक संपत्ति को भी क्षति
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भेलसर ओवरब्रिज पर लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई रामायणकालीन धार्मिक कलाकृतियों को विज्ञापन बोर्डों से ढंक दिए जाने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि इससे धार्मिक आस्था आहत हो रही है। सार्वजनिक संपत्ति का दुरुपयोग हो रहा है।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर नगर पालिका परिषद रुदौली ने ओवरब्रिज की दीवारों पर भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान के प्रसंगों को उकेरा था। इन कलाकृतियों को बनाने में नगर पालिका ने लाखों रुपये खर्च किए थे। अब इन्हीं दीवारों पर निजी विज्ञापन बोर्डों की भरमार हो गई है। भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष आशीष शर्मा ने एसडीएम रुदौली संतोष कुमार से मुलाकात कर शिकायत दी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील और धार्मिक महत्व वाले स्थल पर इस तरह विज्ञापन लगाना आस्था के प्रति असम्मान है।
क्या कहते हैं अधिकारी
पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी -संतोष कुमार,एसडीएम, रुदौली।
ओवरब्रिज पर लगे सभी विज्ञापन और बैनर तत्काल हटवाए जाएंगे और इस कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे -प्रेमनाथ, ईओ, रुदौली।
