Barabanki News: नाबालिग के हाथ में थी ट्रैक्टर की स्टेयरिंग, पलटने से किशोर की मौत; पूर्व प्रधान की भूमिका पर उठे सवाल
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में बुधवार को बेकाबू होकर पलटे ट्रैक्टर के नीचे दबकर किशोर की मौत हो गई। हालांकि इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा कि ट्रैक्टर पूर्व प्रधान का था जबकि चलाने वाला नाबालिग। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के बीकर गांव वासी रफी अहमद उर्फ मुन्ना 16 पुत्र वसी अहमद गांव के पूर्व प्रधान सचेत यादव का ट्रैक्टर चलाता था।
बुधवार दोपहर वह गांव के ही रवि (17) पुत्र प्रेम कुमार को साथ लेकर खेत जोतने गया था। खेत से लौटते समय रफी ने ट्रैक्टर की स्टेयरिंग रवि को सौंप दी। रास्ते में अचानक ब्रेक लगाने से ट्रैक्टर बारिश से भीगे पुआल पर फिसल गया और अनियंत्रित होकर पलट गया हादसे में रवि ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रफ़ी को मामूली चोटें आईं।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अजीत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर जब्त कर लिया। थाना प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही, ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


पूर्व प्रधान पर लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद ट्रैक्टर मालिक एवं बीकर गांव के पूर्व प्रधान सचेत यादव की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि उनके ट्रैक्टर पर 16 वर्षीय किशोर से चालक का कार्य कराया जा रहा था और हादसे के समय 17 वर्षीय नाबालिग के हाथों ट्रैक्टर की स्टेयरिंग पहुंच गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नाबालिगों को ट्रैक्टर चलाने की अनुमति न दी गई होती तो यह हादसा टल सकता था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यदि वाहन मालिक की ओर से नियमों के उल्लंघन या लापरवाही के तथ्य सामने आते हैं, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई संभावित है।
