बरेली में दीवार गिरने से दो चचेरे भाई-बहनों की मौत, दुकान से लौट रहे थे घर
अमृत विचार : बरेली के अलीगंज में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। कैनी गांव में दीवार गिरने से दो चचेरे-भाई बहनों की मौत हो गई। मृतक 8 वर्ष के अंशु और 7 वर्ष की इशिका हैं। दो बच्चों की मौत से घर में कोहराम मच गया। गांव वालों की भारी भीड़ जमा हो गई।
अलीगंज थाना क्षेत्र के कैनी गांव के अजीत और नन्हे कश्यप दोनों भाई हैं। दोनों भाई बाहर मजदूरी करते हैं। उनके बच्चे दादी के पास गांव में ही रहते थे। गुरुवार को अंशु और इशिका रस्क लेने दुकान पर गए थे।
लौटते समय अचानक एक दीवार भरभराकर बच्चों पर गिर गई। चीख-पुकार के बीच ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक बच्चे मलबे में दब चुके थे। गांव वालों ने मलबा हटाकर बच्चों को निकाला। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर लगते ही पूरा गांव इकट्ठा हो गया। घर वाले भी बिलखते हुए पहुंच गए।
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दीवार पक्की थी, लेकिन काफी पुरानी हो चुकी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शोक में डूबा गांव
दो बच्चों की मौत से कैनी गांव शोक में डूब गया। घरवालों ने बच्चों को पिता को सूचना दी है। घरवाले तड़प रहे हैं। बच्चों की मौत से हर आंख नम है।
ननिहाल से लौटे थे बच्चे
ग्रामीणों के मुताबिक, एक दिन पहले ही बच्चे अपने ननिहाल से दादी के पास लौटे थे। लेकिन किसी को क्या पता था कि इस तरह अचानक उनकी मौत हो जाएगी। अंशु और इशिका की मौत की खबर से दादी बेसुध हो गई हैं और घर वालों को रो-रोकर बुरा हाल है।
