UP TET Exam Today : यूपी टीईटी परीक्षा का शुभारंभ, परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पायल से लेकर टोपी, गमछा और बेल्ट तक उतरवाई
यूपी में कड़ी निगरानी में शुरू हुई पहली शिफ्ट की परीक्षा, सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को मिली केंद्रों पर एंट्री
यूपी-टीईटी परीक्षा तीन दिन तक चलेगी। इसमें 19.94 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। यूपी से 17.67 लाख और दूसरे राज्यों से 2.27 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 60 जिलों में 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा को लेकर केंद्रों पर इस बार अतिरिक्त और विशेष सतर्कता देखने को मिल रही है।
अमृत विचार : उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 का शुभारंभ हो गया है। आज-गुरुवार परीक्षा का पहला दिन है। तीन दिन यानी 4 जुलाई तक चलने वाली टीईटी परीक्षा में 19.94 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसमें 17.67 लाख अभ्यर्थी यूपी के हैं। दूसरे राज्यों के 2.27 लाख अभ्यर्थी यूपी टीईटी परीक्षा देंगे। राज्य के 60 जनपदों में 955 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जहां कड़ी निगरानी में आज परीक्षा का शुभारंभ हो गया।
यूपी टीईटी की परीक्षा दो शिफ्ट में चलेगी। पहली शिफ्ट 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक है। दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
यूपी टीईटी के पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी नजर आई। अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक, रेटिना स्कैन जैसी डिजिटल जांच से गुजरना पड़ा। एडमिट कार्ड चेकिंग के बाद सेंटर्स पर एंट्री दी गई।
जूड़ा-टोपी उतारकर एंट्री
कई केंद्रों पर सघन तलाशी ली गई। महिला अभ्यर्थियों की पायल, जूड़ा और गहने भी उतरवा दिए गए। पुरुष अभ्यर्थियों के गमछा, टोपी और बेल्ट भी निकलवा ली गई। उसके बाद ही उन्हें केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। प्रयागराज के कुछ केंद्रों पर जूते-मोजे निकलवा कर जांच की गई।
ये सारी कसरत यूपी टीईटी परीक्षा को नकलविहीन कराने को लेकर है। पिछली कुछ परीक्षाओं के पेपर लीक और नकल के मामलों को लेकर विशेष सकर्तका बरती जा रही है। उसका असर भी दिखाई दे रहा है।
परीक्षा केंद्रों पर शासन-प्रशासन की पैनी नजर है। अधिकारी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजामों के बीच यूपी-टीईटी परीक्षा जारी है।
लखनऊ में उतरवाए गहने
राजधानी लखनऊ में परीक्षा देने पहुंची महिला अभ्यर्थियों के गहने उतरवाए गए। अभ्यर्थियों ने गहने निकालकर अपने परिजनों के हवाले किए। कुछ अभ्यर्थियों ने तो बिछुआ से लेकर अंगूठी तक निकालकर रख दी।
