Barabanki News : माइनर में पाइप डालने से टूटी नहर, सैकड़ों बीघे खेत जलमग्न, किसानों का बड़ा नुकसान
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार : देवा क्षेत्र की मोहम्मदपुर माइनर में सिंचाई के लिए पाइप डालने के दौरान रविवार तड़के नहर कट जाने से सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई। अचानक खेतों में पानी भरने से धान की तैयार बेरन को भारी नुकसान पहुंचा और किसानों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, पंडितपुरवा मजरे विशुनपुर निवासी प्रदीप तिवारी और मुकेश तिवारी माइनर में पाइप डालकर सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान माइनर कट गई, जिससे तेज बहाव के साथ पानी आसपास के खेतों में फैल गया। किसानों ने पानी रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
सूचना मिलते ही हरकत में आया सिंचाई विभाग
घटना की जानकारी मिलने पर सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त माइनर की मरम्मत कर पानी का बहाव नियंत्रित किया। सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर बद्री विशाल ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया और तत्काल मरम्मत कर माइनर को दुरुस्त करा दिया गया।
पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
वहीं, विशुनपुर चौकी प्रभारी संजय प्रसाद ने बताया कि सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। फिलहाल किसी किसान या अन्य व्यक्ति की ओर से नुकसान के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
