UPCATET-2026 का रिजल्ट जारी, मेरठ की काव्य ने किया टॉप, 18,827 में से 14,802 अभ्यर्थी सफल
पीजी में बलिया के शिवम यादव और पीएचडी में मऊ के अमन सिंह प्रथम, 18,827 में से 14,802 अभ्यर्थी सफल
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (यूपीसीएटीईटी-2026) का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बांदा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति एस.वी.एस. राजू की उपस्थिति में परिणाम जारी किया। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए परीक्षा के पारदर्शी एवं समयबद्ध संचालन के लिए विश्वविद्यालय की टीम की सराहना की।
इस वर्ष परीक्षा 17 और 18 जून को प्रदेश के 12 जिलों में आयोजित की गई थी। कुल 18,827 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 16,349 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 14,802 अभ्यर्थी सफल रहे। सफल अभ्यर्थियों में 73 प्रतिशत पुरुष और 27 प्रतिशत महिलाएं हैं।
स्नातक (यूजी) वर्ग में मेरठ की काव्य मसीह ने प्रथम, कन्नौज की प्राची द्विवेदी ने द्वितीय और रामपुर के मोहम्मद कैफ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परास्नातक (पीजी) वर्ग में बलिया के शिवम यादव ने प्रथम तथा उन्नाव की आस्था यादव ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, पीएचडी वर्ग में मऊ के अमन सिंह प्रथम और मथुरा के अभिषेक गौतम द्वितीय स्थान पर रहे।
