Pratapgarh News : महिला से शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप, एसआई निलंबित, एफआईआर दर्ज
मानधाता थाने में तैनात है आरोपी एसआई अर्जुन सिंह
प्रतापगढ़ में मानधाता थाने में तैनात उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी एसआई को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच शुरू कराने और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रतापगढ़ अमृत विचार : महिला से यौन शोषण के आरोप में मानधाता थाने में तैनात उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह के खिलाफ महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी एसआई को निलंबित कर मामले की जांच की जा रही है। महिला थाने में तहरीर देकर पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि उपनिरीक्षक अर्जुन सिह ने स्वयं को अविवाहित बताकर शादी का प्रस्ताव दिया और उसके साथ रहने के लिए तैयार किया।
महिला का आरोप है कि वह जून 2025 से वाराणसी स्थित एसआई के आवास पर रहने लगी। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से ही विवाहित है। उसकी पत्नी और बच्चे भी हैं। सच्चाई उजागर होने पर उसे कथित रूप से मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।
आरोप है कि प्रतापगढ़ में तैनाती के दौरान भी एसआई अर्जुन ने शादी का भरोसा देकर उसे कई बार प्रतापगढ़ बुलाया और होटल में यौन शोषण किया। महिला ने दावा किया कि आरोपी ने वाराणसी के मंदिर में शादी करने का वादा किया था, इसकी तस्वीरें भी उसके पास हैं। महिला ने एसआई से विवाह करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से इनकार करते हुए अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत पर महिला थाने में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी एसआई को निलंबित कर पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
महिला के आरोपों के मुख्य बिंदु
- महिला ने एसआई अर्जुन सिंह पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया।
- आरोप है कि एसआई ने खुद को अविवाहित बताकर महिला को अपने साथ रहने के लिए तैयार किया।
- महिला का दावा है कि जून 2025 से वह वाराणसी स्थित आरोपी के आवास पर रह रही थी।
- बाद में पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं।
- विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप।
- प्रतापगढ़ में तैनाती के दौरान होटल में कई बार यौन शोषण करने का भी आरोप।
- महिला के अनुसार, वाराणसी के मंदिर में शादी का वादा किया गया था, जिसकी तस्वीरें उसके पास मौजूद हैं।
- शादी का दबाव बनाने पर आरोपी ने कथित तौर पर इनकार किया और जान से मारने की धमकी दी।
- महिला थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी एसआई को निलंबित कर दिया है। जांच जारी है।
