Bareilly News : लखनऊ अग्निकांड के बाद बीडीए का बड़ा एक्शन, दो होटल सील; कोचिंग सेंटरों और मॉल में भी चेकिंग शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

लखनऊ हादसे से सबक लेकर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर

बरेली, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद बरेली जिला प्रशासन और विकास प्राधिकरण (बीडीए) नींद से जाग गया है। शासन से मिले कड़े निर्देशों के बाद शहर में अवैध और बिना मानकों के संचालित होटलों, रेस्टोरेंट, कोचिंग सेंटरों और मॉल के खिलाफ बीडीए ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को सेटेलाइट बस अड्डे के पास स्थित दो होटलों को सील कर दिया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से शहर के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, बीडीए की टीम को शिकायत मिली थी कि सेटेलाइट बस अड्डे जैसे अत्यधिक व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में बिना मानकों के होटल संचालित किए जा रहे हैं। मंगलवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि 'रजानी होटल' बिना किसी वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के संचालित हो रहा था। वहीं, पास ही स्थित 'सेटेलाइट होटल एंड रेस्टोरेंट' में अग्निसुरक्षा (फायर सेफ्टी) के कोई इंतजाम नहीं थे। दस्तावेजों में खामी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर बीडीए के अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से दोनों इमारतों को सील कर दिया।

छापेमारी से मची खलबली, पुलिस बल रहा मुस्तैद
लखनऊ की घटना के बाद से प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। मंगलवार को जब बीडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ सेटेलाइट इलाके में पहुंची, तो होटल प्रबंधन और आसपास के दुकानदारों में खलबली मच गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा। शांतिपूर्ण ढंग से सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

अन्य होटलों, कोचिंग सेंटरों और मॉल पर भी कसेगा शिकंजा
शहर के विभिन्न इलाकों में ऐसे दर्जनों होटल, लॉज और कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं, जिनके पास न तो फायर विभाग की एनओसी है और न ही बीडीए से नक्शा पास है। आने वाले दिनों में यह सीलिंग अभियान और तेज होने की उम्मीद है।

इस दौरान अधिकारी सौम्या पांडे ने स्पष्ट रूप से चेतावनी देते हुए कहा, "बच्चों और आम जनता की सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान मानकों की अनदेखी कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" बीडीए अधिकारियों का साफ कहना है कि नियम तोड़ने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।

संबंधित समाचार