Bareilly News : बाईपास पर टाउनशिप प्रोजेक्ट में तेजी, 445 करोड़ से खरीदी जमीन

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

वीसी सौम्या पांडेय लगातार कर रहीं हैं मॉनीटरिंग

समय सीमा में काम पूरे करने को अफसरों से मंथन

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण ने बड़ा बाईपास पर प्रस्तावित टाउनशिप प्रोजेक्ट में तेजी लानी शुरू कर दी है। परियोजनाओं के लिए अब तक 445.27 करोड़ रुपये खर्च कर 88 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है। वीडीए वीसी सौम्या पांडेय लगातार निगरानी में जुटी हैं और अफसरों को समय से प्रोजेक्ट करने का लक्ष्य दिया है। बाकी जमीन के अधिग्रहण और अन्य औपचारिकताओं की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

बीडीए वीसी ने बताया कि प्राधिकरण की योजना दिल्ली-लखनऊ बाईपास और बरेली-पीलीभीत हाईवे के आसपास 9 गांवों की करीब 267.19 हेक्टेयर भूमि पर आधुनिक आवासीय टाउनशिप विकसित करने की है। यहां चौड़ी सड़कें, बेहतर बिजली व्यवस्था, मनोरंजन के साधन और सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना के तहत 45 और 30 मीटर चौड़ी मुख्य सड़कें बनाई जाएंगी, जबकि कॉलोनी के अंदर 18 मीटर चौड़ी सड़कें होंगी। इसके अलावा 132 केवी का बिजली उपकेंद्र, एम्यूजमेंट पार्क और कम्युनिटी सेंटर जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। बीडीए दिल्ली रोड के किनारे 126.30 हेक्टेयर क्षेत्र में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ भी विकसित कर रहा है। इस परियोजना के लिए अब तक 20.91 करोड़ रुपये खर्च कर 10 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है। परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए बीडीए करीब 38 हेक्टेयर ग्राम समाज और अन्य सरकारी जमीन को पुनर्ग्रहण कर अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई भी कर रहा है। जमीन संबंधी सभी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।

संबंधित समाचार