Gonda News: पुलिस चौकी में युवकों से मारपीट के आरोप मे तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

वायरल वीडियो पर एसपी की कार्रवाई, सीओ को सौंपी गई जांच

गोंडा, अमृत विचार: कौड़िया थाना क्षेत्र की दुबहा चौकी में दो युवकों की कथित पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सख्त कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने पर दो सिपाहियों समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

कौडिया थाना क्षेत्र के दुबहा चौकी में दो दिन पहले दो युवकों की लाठी से पिटाई की गयी थी। पिटाई से जुड़ा करीब 26 सेकंड का एक विडियो वायरल हुआ था। इस वायरल वीडियो में चौकी परिसर के भीतर दो युवकों के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि सिपाही अमन और अभिमन्यु ने रमेश नामक युवक को होमगार्ड अनुरोध तिवारी से पकड़वाकर लाठियों से पीटा। इसके बाद महेश नाम के दूसरे युवक को भी चौकी लाकर उसके साथ मारपीट की गई। वीडियो में कुछ अन्य पुलिसकर्मियों की टिप्पणियां भी सुनाई दे रही हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर सिपाही अमन, अभिमन्यु और दिग्विजय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी करनैलगंज अभिषेक को सौंपी गई है। 

सीओ करनैलगंज अभिषेक दावाच्या ने बताया कि किसी भी पुलिसकर्मी को कानून हाथ में लेने या किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करने की अनुमति नहीं है। जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे चौकी प्रभारी गोलू तिवारी और युवकों को गांव से चौकी तक लाने वाले सिपाही नीरज सिंह के खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज