UP Panchayat Election News : यूपी में पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी, अपने जिले और पंचायत का जानिए हाल
यूपी की ग्राम पंचायतों में प्रधानों का कार्यकाल मई में पूरा हो चुका है। चुनाव में देरी को लेकर सरकार ने प्रधानों को पंचायतों का प्रशासक बना दिया। उधर, चुनाव में देरी और प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के फैसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। हाईकोर्ट ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य निर्वाचन आयोग और पिछड़ा वर्ग आयोग, दोनों से जवाब तलब किया था।
अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की फाइनल मतदाता सूची जारी हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने वोटर लिस्ट वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। पंचायत चुनाव मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत मतदाताओं के आंकड़ों में बड़ा बदलाव सामने आया है। गाजीपुर और आजमगढ़ में सबसे अधिक वोटरों के नाम कटे हैं। दूसरी तरफ लखीमपुर खीरी और बलिया जिले के मतदाताओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। डुप्लीकेट, मृतक और पंचायत छोड़कर दूसरे स्थान पर बसने वाले वोटरों के नाम काटे गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने 23 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची जारी की थी, जिसमें 12.69 करोड़ मतदाता शामिल थे। पुनरीक्षण अभियान के दौरान लगभग 1.41 करोड़ नाम सूची से हटाए गए, जबकि 40.19 लाख नए मतदाताओं को जोड़ा गया। संशोधन और सत्यापन की लंबी प्रक्रिया के बाद अब अंतिम सूची घोषित की गई है।
मतदाताओं को नौ अंकों का नंबर
बुधवार को जिला स्तर पर सूची प्रकाशित की गई। इस बार पंचायत चुनाव के मतदाताओं को नौ अंकों का विशिष्ट स्टेट वोटर नंबर (एसवीएन) भी आवंटित किया गया है। इससे मतदाताओं की पहचान और चुनावी प्रबंधन प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होने की उम्मीद है।
चुनाव में देरी पर हाईकोर्ट की नाराजगी
हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पंचायत चुनाव में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से चुनाव की संभावित समय-सीमा के बारे में जानकारी मांगी थी। ऐसे में अंतिम मतदाता सूची जारी होने को चुनावी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार आयोग को अंतिम मतदाता सूची तैयार करने में करीब 169 दिन का समय लगा। हालांकि सूची जारी होने के बाद कुछ जिलों में तकनीकी कारणों से इसे डाउनलोड करने में दिक्कतें सामने आई हैं। आयोग ने त्वरित समाधान के निर्देश दिए हैं।
अब चुनाव कार्यक्रम पर नजर
अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी करने की दिशा में आयोग की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की नजर अब चुनाव कार्यक्रम की घोषणा पर टिकी है।
आजमगढ़ में 8.19 लाख वोटर हटे
यूपी में सबसे ज्यादा 8,19,646 वोटरों के नाम आजमगढ़ में कटे हैं। इस बीच 7,59, 299 नए मतदाता सूची में जोड़े भी गए। पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार जिले में 60,347 मतदाता कम हो गए हैं। गाजीपुर में 7,15,668 वोटरों के नाम सूची से हटाए गए, जबकि 6,20,911 नए मतदातओं को वोटर लिस्ट में जोड़ा गया है।
आगरा में पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार 23,294 वोटरों की कमी हुई है। आगरा में 4,39,620 मतदताओं के नाम काटे गए और 4,16,326 नए वोटरों को जोड़ा गया। लिस्ट जनपदवार जारी की गई है।
