इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: 2 किलो चरस के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

श्रावस्ती। सिरसिया पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो किलोग्राम चरस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात सिरसिया पुलिस और एसएसबी की टीम सीमा क्षेत्र में संयुक्त गश्त और जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एसएसबी से मिली सूचना के आधार पर एसआई आदर्श मौर्य ने टीम के साथ तालबघौड़ा-भचकाही मार्ग पर पुलिया के पास चेकिंग शुरू की।

जांच के दौरान तालबघौड़ा की ओर से आ रही एक बाइक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में बाइक सवार दो लोगों के पास से दो किलोग्राम चरस बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि इस तस्करी में सुनील कुमार भी शामिल है, जिसने चरस लाने के लिए बाइक उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹5 लाख है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भिनगा के जगतापुर निवासी संदीप कुमार पुत्र धनपत यादव, आशीष कुमार सिंह पुत्र नेता कुमार सिंह और सुनील कुमार पुत्र राम भरोसे के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ेंः हरदोई में रातभर पति के शव के साथ सोती रही पत्नी, लमकन गांव से सामने आया हैरान करने वाला मामला

संबंधित समाचार