बाराबंकी में ट्रैफिक सिस्टम बेपटरी! डीएम आवास के पास सड़क किनारे पड़ा मिला ट्रैफिक सिग्नल, सिस्टम पर उठे बड़े सवाल
तकनीकी खराबी के बाद नहीं हुई मरम्मत, खंभे से गिरकर सड़क किनारे पड़ा सिग्नल; शहर की यातायात व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
बाराबंकी, अमृत विचारः ज़रा इस तस्वीर को देखिए... जिसका काम सड़क पर ट्रैफिक को नियंत्रित करना, वाहनों को रोकना और हरी बत्ती देकर आगे बढ़ाना था, आज वही ट्रैफिक सिग्नल खुद सड़क किनारे लावारिस पड़ा है। मामला डीएम आवास से कुछ ही दूरी का है, जहां खराबी और अनदेखी ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह ट्रैफिक सिग्नल कभी सड़क पर यातायात को नियंत्रित करता था। कुछ दिनों तक इसकी लाल, पीली और हरी बत्तियां जलती-बुझती रहीं, लेकिन तकनीकी खराबी आने के बाद इसकी रोशनी हमेशा के लिए बुझ गई। इसके बाद जिम्मेदारों ने इसकी सुध तक नहीं ली। हालात ऐसे बने कि खंभे पर इसकी पकड़ भी कथित तौर पर ढीली पड़ गई और आखिरकार सिग्नल जमीन पर आ गिरा। अब यह ट्रैफिक व्यवस्था का हिस्सा कम और सिस्टम की लापरवाही की निशानी ज्यादा नजर आता है।
यातायात प्रभारी रामयतन यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश और सीओ ट्रैफिक शक्ति सिंह के निर्देशन में लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा नजारा डीएम आवास से कुछ ही दूरी पर है। इसके बावजूद अब तक न तो सिग्नल को दोबारा लगाया गया और न ही उसे चालू करने की कोई पहल दिखाई दे रही है। आपको बता दें कि ई रिक्शा, ई-ऑटो के चलते शहर में पहले से ही यातायात व्यवस्था बेलगाम है। लोग नियमों की अनदेखी करते हैं और ऐसे में बंद पड़ा ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था को और कमजोर कर रहा है। सवाल यह है कि जब जिम्मेदारों की नजर से डीएम आवास के पास का ट्रैफिक सिग्नल ही ओझल हो गया, तो शहर के बाकी चौराहों की स्थिति कैसी होगी? क्या यह सिग्नल फिर कभी अपनी जगह लौटेगा या यूं ही सड़क किनारे पड़ा रहकर सिस्टम की बेपरवाही की कहानी सुनाता रहेगा?
यह भी पढ़ेंः Barabanki News: मॉडिफाइड साइलेंसर, लाउडस्पीकर और हूटर पर चला बाबा का बुलडोजर, शरारती तत्वों में हड़कंप
