फर्रुखाबाद में बेटे ने मां की पत्थर मारकर ली जान, बीच-बचाव में बहन और भाई भी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

शमशाबाद थाना क्षेत्र के खुडना वैध गांव की घटना, पुलिस जांच में जुटी; आरोपी का मानसिक उपचार तीन साल से चलने की बात सामने आई

फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के खुडना वैध गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर में हुए विवाद के दौरान बेटे ने अपनी मां पर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मां की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में युवक और उसकी बहन भी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 55 वर्षीय नन्ही देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि उनके 25 वर्षीय बेटे पंकज का सुबह किसी बात को लेकर मां से विवाद हो गया। विवाद के दौरान उसने पत्थर से हमला कर दिया, जिससे नन्ही देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान हुई मारपीट में पंकज और उसकी 20 वर्षीय बहन सुषमा भी घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायल पंकज को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, जबकि पुलिस ने सुषमा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पंकज का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और उसका पिछले तीन वर्षों से इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक वह पिछले कुछ दिनों से गांव के लोगों के साथ भी बिना किसी कारण विवाद और मारपीट कर रहा था।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः हरदोई: हड़ताल करना पड़ा भारी, हाईकोर्ट ने शाहाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष समेत 22 वकीलों को भेजा नोटिस

संबंधित समाचार