Ram Mandir News : राम मंदिर के CEO बनने की लगी होड़, अधिक आवेदन के कारण टली नियुक्ति, ट्रस्ट की बैठक में लिए गए ये बड़े फैसले

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में धार्मिक समिति का पुनर्गठन कर अयोध्या के चार संतों को अहम जिम्मेदारी दी गई। सीईओ की नियुक्ति 5,200 आवेदनों के कारण एक माह के लिए टाल दी गई, जबकि मीडिया संवाद के लिए प्रवक्ता नियुक्त करने और बैंकिंग प्रक्रियाओं की समीक्षा जैसे महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए।

अयोध्या, अमृत विचार : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में बुधवार को न्यास की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया। इसमें अयोध्या धाम के संतों को महत्व दिया गया, साथ ही मीडिया से संवादहीनता से भी परहेज किया गया। बैठक में मंदिर प्रबंधन, चढ़ावा व्यवस्था, सीईओ की नियुक्ति, ट्रस्ट के रिक्त पदों और धार्मिक समिति के पुनर्गठन समेत कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बाद से अयोध्या धाम के संतों को ट्रस्ट में शामिल करने की मांग उठ रही थी। संतों की कई चरण में बैठक हुई, इसमें ट्रस्ट के पदाधिकारी भी शामिल हुए। हालांकि अभी किसी को ट्रस्ट में स्थान तो नहीं दिया गया लेकिन धार्मिक समिति का पुनर्गठन कर उसमें अयोध्या के चार प्रमुख संत कमल नयन दास, राजकुमार दास, आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण व रामानंद दास को स्थान दिया गया।

कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी के अनुसार अब राम मंदिर में होने सभी धार्मिक अनुष्ठान, पूजा पाठ समेत सभी वार्षिक व पर्व पर आयोजित समारोहों का आयोजन इन्हीं के नेतृत्व में होगा। साथ इन समारोहों में अयोध्या के अन्य संत-महंतों को वरीयता दी जाएगी। वहीं, दूसरी ओर चढ़ावा चोरी के आरोपों के दौरान ट्रस्ट द्वारा मीडिया से दूरी बनाए रखना भी नुकसानदेह साबित हुआ है। इसको लेकर ट्रस्ट ने इस दूरी को खत्म करने के लिए एक प्रवक्ता की नियुक्ति करने का भी निर्णय लिया। इससे मीडिया के माध्यम से समाज से नियमित संवाद बनाए रखने में आसानी होगी।

अधिक आवेदन के कारण टाली गई सीईओ की नियुक्ति

ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बताया कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी के चयन के लिए 5200 आवेदन आए। गठित समिति ने आवेदनों की अधिक संख्या और प्रक्रिया की गंभीरता को देखते हुए एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा था, जिसे ट्रस्ट ने मंजूरी दे दी है। तब तक प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रखने के लिए एक सचिव की नियुक्ति को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। बताया कि बैठक में चढ़ावा गणना व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। ट्रस्टियों ने मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सुरक्षा अधिकारियों तक पहुंच की स्थिति की समीक्षा की और संतोष व्यक्त किया कि चढ़ावा राशि के गणना कक्ष सहित समस्त कमरों की पहुंच सभी सुरक्षा अधिकारियों को पहले से उपलब्ध कराई गई है।

बैंक के साथ संबंधों व मानक प्रक्रियाओं पर होगा पुनर्विचार

महासचिव के अनुसार ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक संस्थान की टकसाल (मिंट) के साथ स्वर्ण रजत चढ़ावे की मात्रा एवं शुद्धता जांचने की व्यवस्था अनवरत चालू रखने का निर्णय लिया। वहीं, स्टेट बैंक के साथ हुए एमओयू के अंतर्गत बैंक के दायित्वों और उनके अनुपालना में बैंक की त्रुटियों पर चर्चा हुई।

अनियमितताओं के प्रकाश में आने के पश्चात बैंक की प्रतिक्रिया और गंभीरता के अभाव को दृष्टिगत करते हुए न्यासी मंडल ने निराशा प्रकट की व ट्रस्ट की वित्त समिति को बैंक के साथ संबंधों व मानक प्रक्रियाओं पर पुनर्विचार कर समुचित निर्णय लेने को कहा। बताया कि एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए उस पर कोई चर्चा नहीं की गई। उच्चतम न्यायालय में इस संबंध में प्रविष्ट याचिकाओं पर सुनवाई की प्रगति एवं आदेशों का संज्ञान में लिया गया है।

श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं

ट्रस्ट कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने बताया कि तमाम आरोपों और विवादों के बावजूद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। रामभक्तों की आस्था पहले की तरह अटूट है और मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या लगातार बनी हुई है। कहा कि राम मंदिर में रामानंदी परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की शुचिता और परंपरा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अयोध्या के प्रमुख संतों को धार्मिक व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कहा कि ट्रस्ट के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है, जिसमें अभी कुछ और सप्ताह लगेंगे।

कड़ी सुरक्षा में हुई ट्रस्ट की बैठक

अयोध्या, अमृत विचार। मणिराम दास जी की छावनी में आयोजित ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। इस दौरान दोनों तरफ से आने जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन प्रतिबंधित किया गया था। मीडियाकर्मियों को करीब 100 मीटर दूर रोका गया। दोनों तरफ लगे बैरियरों पर भारी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। मौके पर एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी, अयोध्या कोतवाल पंकज सिंह मौजूद रहे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Ram Mandir News : राम मंदिर के CEO बनने की लगी होड़, अधिक आवेदन के कारण टली नियुक्ति, ट्रस्ट की बैठक में लिए गए ये बड़े फैसले
Ayodhya News : राम मंदिर के धार्मिक आयोजनों की जिम्मेदारी अब संतों के हाथ, ट्रस्ट की बैठक में गोविंद देव गिरी की अध्यक्षता में बनाई गई समिति
Kanpur News: कानपुर नगर निगम बैठक में गूंजी सफाई, जलभराव और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं, महापौर ने अधिकारियों को लगाई फटकार
Hardoi News : प्रभात मिश्रा बने हरदोई के नए बीएसए, शासन ने जारी किया नियुक्ति आदेश
Hardoi News: शहीद मेजर पंकज कुमार पांडे की प्रतिमा का अनावरण, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बोले- वीरों का बलिदान राष्ट्र की प्रेरणा