Kanpur News : फूलबाग सत्याग्रह से पहले सपा विधायक अमिताभ वाजपेई नजरबंद, आवास पर ही शुरू किया धरना
पत्थर कॉलेज चौराहे पर पुलिस ने रोका, समर्थकों के फूलबाग पहुंचने पर बढ़ाई गई सुरक्षा; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
कानपुर में फूलबाग सत्याग्रह से पहले सपा विधायक अमिताभ वाजपेई को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। विरोध में विधायक ने अपने काकादेव स्थित आवास पर ही धरना शुरू कर दिया, जबकि फूलबाग में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के फूलबाग में प्रस्तावित समाजवादी पार्टी के सत्याग्रह से पहले पुलिस ने सपा विधायक अमिताभ वाजपेई को नजरबंद कर दिया। पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोककर काकादेव स्थित उनके विधायक आवास पहुंचाया, जिसके बाद उन्होंने आवास पर ही धरना शुरू कर दिया।
आवास पर ही शुरू किया सत्याग्रह
जानकारी के अनुसार, अमिताभ वाजपेई जैसे ही पत्थर कॉलेज चौराहे पर पहुंचे, वहां मौजूद एसीपी ने उन्हें रोक लिया और अपनी गाड़ी से काकादेव स्थित विधायक आवास ले गए। इसके बाद उन्हें वहीं नजरबंद कर दिया गया।पुलिस कार्रवाई के विरोध में सपा विधायक ने अपने आवास पर ही सत्याग्रह शुरू कर दिया। दूसरी ओर, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बड़ी संख्या में सपा समर्थक फूलबाग पहुंच गए, जिससे इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई।
फूलबाग में बढ़ाई गई सुरक्षा
स्थिति को देखते हुए फूलबाग और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। समर्थकों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
