Asaduddin Owaisi : 'बच्चों को अपमानित मत करो, उनसे बात करो', सरकार पर असदुद्दीन ओवैसी का हमला
छात्रों से संवाद न करने का लगाया आरोप, बोले- गलतियां स्वीकार करे सरकार, विपक्ष पर दोष मढ़ना बंद करे
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सरकार पर छात्रों और युवाओं के साथ अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बच्चों को घंटों बैठाकर उनसे बात नहीं की जाती और सरकार अपनी गलतियां स्वीकार करने के बजाय विपक्ष को दोष दे रही है।
नई दिल्ली। AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को छात्रों और युवाओं के मुद्दे को लेकर केंद्र की NDA सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बच्चों को बुलाकर घंटों बैठाए रखती है, उनसे बातचीत नहीं करती और उनका अपमान करती है।
ओवैसी ने कहा, "आप छोटे बच्चों को बुलाकर दो-दो घंटे घर पर बैठा देते हैं। उनसे बात नहीं करते, उन्हें अपमानित करते हैं। आपको उनसे बात करना सीखना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा कि जो कुछ भी हो रहा है, उसके लिए सरकार स्वयं जिम्मेदार है। सरकार अपनी गलतियों को स्वीकार करने के बजाय विपक्ष पर दोष मढ़ रही है।
'बहुमत के दम पर सबको दबा नहीं सकते'
ओवैसी ने कहा कि सरकार को अपनी गलतियां स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "आप स्वीकार भी नहीं कर रहे। आपको लगता है कि हमारे पास भारी बहुमत है, इसलिए सबको दबा देंगे। आप ऐसा नहीं कर पाएंगे। आप इसे कम आंक रहे हैं।"
AIMIM सांसद ने सरकार से छात्रों और युवाओं के साथ संवाद स्थापित करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से ही निकल सकता है। उनका यह बयान दिल्ली में छात्रों और युवाओं के चल रहे प्रदर्शनों तथा पुलिस कार्रवाई को लेकर उठ रहे विवाद के बीच आया है।
