Stock Market Today: कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट
मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल से सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 230.95 अंक टूटकर 76,521.02 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 57.15 अंक फिसलकर 23,937 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं, ट्रेंट और इटर्नल के शेयर में तेजी दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 3.15 प्रतिशत उछला। जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंगसेंग भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं, जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक गिरावट में है। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 96.20 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने 819.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 0.92 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
