Stock market closed : HDFC और Axis Bank के शेयरों में भारी गिरावट, सेंसेक्स 443 अंक टूटा; निफ्टी भी नुकसान में बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट का दौर देखने को मिला। प्रमुख बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया, जिससे बीएसई सेंसेक्स 443 अंक टूट गया। वहीं एनएसई निफ्टी भी करीब 96 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ।

30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 442.93 अंक यानी 0.57 प्रतिशत गिरकर 77,708.52 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 783.16 अंक तक फिसलकर 77,368.29 अंक के स्तर पर पहुंच गया था। वहीं, एनएसई निफ्टी 95.80 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,238.50 अंक पर बंद हुआ।

एचडीएफसी और एक्सिस बैंक ने बढ़ाई बाजार की चिंता

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एक्सिस बैंक सबसे ज्यादा नुकसान में रहा, जिसके शेयरों में तिमाही नतीजों के बाद 5.48 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं एचडीएफसी बैंक के शेयर भी 5.12 प्रतिशत नीचे आ गए। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, एचडीएफसी बैंक के शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) को लेकर निवेशकों में निराशा देखने को मिली, जिसका असर बैंकिंग सेक्टर के शेयरों पर पड़ा। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि एचडीएफसी बैंक के प्रदर्शन में खासकर शुद्ध ब्याज मार्जिन के मोर्चे पर कमजोरी ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।

इन शेयरों में भी रही गिरावट

एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक के अलावा मारुति, कोटक महिंद्रा बैंक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, कुछ शेयरों ने बाजार को सहारा दिया। बढ़त वाले प्रमुख शेयरों में ट्रेंट, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और भारती एयरटेल शामिल रहे।

वैश्विक बाजारों का भी दिखा असर

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक स्तर पर प्रौद्योगिकी शेयरों में बिकवाली के कारण निवेशकों ने सावधानी बरती। उन्होंने बताया कि एचडीएफसी बैंक में तेज गिरावट ने बाजार पर दबाव और बढ़ा दिया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 88.06 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.46 प्रतिशत गिर गया। जापान का बाजार अवकाश के कारण बंद रहा।

विदेशी निवेशकों ने भी की बिकवाली

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को 376.41 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की। इससे पहले शुक्रवार को घरेलू बाजार में जोरदार तेजी देखी गई थी। बीएसई सेंसेक्स 964.58 अंक चढ़ा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 261.55 अंकों की बढ़त दर्ज की गई थी।

ये भी पढ़ें : 
Stock market closed : शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 965 अंक उछला

संबंधित समाचार