पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बिहार के दो युवक गंभीर, मर्सिडीज में एक घंटे तक फंसे रहे
गाजीपुर से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई. यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला. दोनों को जिला अस्पताल रेफर.
अमृत विचार, अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गाजीपुर से लखनऊ जा रही उनकी तेज रफ्तार मर्सिडीज कार शुकुल बाजार थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 67.1 पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कार में फंस गए और उन्हें बाहर निकालने के लिए यूपीडा की रेस्क्यू टीम को करीब एक घंटे तक अभियान चलाना पड़ा।
घायलों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला
हादसे में वैशाली (बिहार) निवासी शिरिष्ट कुमार यादव (40) और बारुपुर (बिहार) निवासी दीपक कुमार सिंह (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही यूपीडा की रेस्क्यू टीम और शुकुल बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों घायलों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाजार शुकुल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज को एक्सप्रेसवे से हटवाया
उधर, यूपीडा ने दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। शुकुल बाजार थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार के कारण कार का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है.
