Delhi Protest : प्रदर्शन हिंसा में 4 FIR दर्ज, पुलिस बल प्रयोग मामले पर हाईकोर्ट में सुनवाई कल

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 20 जुलाई को हुए ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई हिंसा, तोड़फोड़ और अन्य घटनाओं को लेकर दिल्ली पुलिस ने अब तक चार प्राथमिकी (FIR) दर्ज की हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में दो और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के अनुसार, ये मामले संसद मार्ग, कनॉट प्लेस और अन्य थानों में दर्ज किए गए हैं। इनमें भारतीय न्याय संहिता (BNS), शस्त्र अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।

एक प्राथमिकी कनॉट प्लेस स्थित रीगल सिनेमा के पास हुई हिंसा और पथराव की घटना को लेकर दर्ज की गई है। वहीं, अन्य मामलों में अवैध रूप से एकत्र होने, संसद सत्र के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने और कथित साजिश जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान मारपीट, कानून हाथ में लेने और अन्य अपराधों से जुड़े दो और मामले दर्ज किए जा सकते हैं। फिलहाल पुलिस प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

कई धाराओं में दर्ज हुई FIR

संसद मार्ग थाने में दर्ज प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराएं शामिल की गई हैं। इनमें कानूनी आदेशों की अवज्ञा, लोक सेवक के काम में बाधा डालना, लोक सेवक पर हमला, गैर-कानूनी सभा, दंगा, हिंसा, आपराधिक साजिश और सामान्य आशय से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। इसके अलावा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित कानून के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस बल प्रयोग मामले पर हाईकोर्ट में याचिका

वहीं, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के कथित बल प्रयोग को लेकर दायर याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने याचिकाकर्ता से कहा कि मामले को बुधवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। याचिकाकर्ता ने तत्काल सुनवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया। कॉजपा ने आरोप लगाया है कि पुलिस कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए और पार्टी कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो के साथ धक्का-मुक्की की गई। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आंग्मो से दुर्व्यवहार की खबरें पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हुआ था प्रदर्शन

गौरतलब है कि सोमवार को कॉजपा की ओर से आयोजित ‘संसद चलो’ मार्च में हजारों प्रदर्शनकारी शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। मामले में अब पुलिस जांच और अदालत की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

ये भी पढ़ें : 
Delhi Protest: छात्र आंदोलन पर बॉलीवुड की चुप्पी पर भड़का ये एक्टर, कहा- समर्थन करना जरूरी

संबंधित समाचार